Bharat Express DD Free Dish

TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने की दूसरी शादी, BJD नेता पिनाकी मिश्रा के साथ जर्मनी में लिए सात फेरे

TMC MP Mahua Moitra Marriage: टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने बीजेडी के पूर्व सांसद और वरिष्ठ वकील पिनाकी मिश्रा से जर्मनी में शादी की है.

TMC MP Mahua Moitra Marriage

TMC MP Mahua Moitra Marriage: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की तेज-तर्रार सांसद महुआ मोइत्रा ने शादी कर ली है. उन्होंने बीजू जनता दल (BJD) के पूर्व सांसद और वरिष्ठ वकील पिनाकी मिश्रा से जर्मनी में शादी रचाई है. उनकी शादी 3 मई को हुई, जिसे पूरी तरह निजी रखा गया था. हालांकि, सोशल मीडिया पर दोनों की एक फोटो वायरल हो रही है, जिसमें वे हाथ में हाथ डाले नजर आ रहे हैं.

महुआ मोइत्रा इस वक्त बंगाल के कृष्णानगर से दूसरी बार सांसद हैं. वह 50 साल की हैं. पिनाकी मिश्रा 65 साल के हैं और ओडिशा के पुरी से चार बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं. वह सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता भी हैं.

दोनों की यह दूसरी शादी

महुआ मोइत्रा की यह दूसरी शादी है. इससे पहले उन्होंने डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से विवाह किया था, जिससे बाद में तलाक हो गया. वहीं, पिनाकी मिश्रा की भी यह दूसरी शादी है. उनकी पहली शादी से एक बेटा और एक बेटी हैं.

महुआ मोइत्रा का नाम पहले सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राय के साथ भी जुड़ा था. दोनों करीब तीन साल तक साथ थे. लेकिन बाद में विवाद हो गया. 2023 में देहाद्राय ने महुआ पर संसद में पैसे लेकर सवाल पूछने का आरोप लगाया. ये मामला ‘कैश फॉर क्वेरी’ के नाम से चर्चा में आया.

संसद में सवालों को लेकर भी रहीं सुर्खियों में

देहाद्राय ने महुआ पर हीरानंदानी ग्रुप से महंगे गिफ्ट और घूस लेने का आरोप भी लगाया. वहीं, महुआ ने उन्हें ‘धोखा खाया हुआ एक्स’ बताया और कहा कि वह पर्सनल जानकारी लीक कर रहे हैं. इसके बाद देहाद्राय ने महुआ पर ब्लैकमेल और कुत्ता चोरी का भी आरोप लगाया.

महुआ मोइत्रा को उनके तेज सवालों के लिए जाना जाता है. उन्होंने संसद में कुल 62 सवाल पूछे. इनमें 9 सवाल अडाणी समूह से जुड़े मंत्रालयों से थे. खासकर पेट्रोलियम, वित्त, नागरिक उड्डयन और कोयला मंत्रालय से जुड़े सवाल प्रमुख थे.

महुआ ने अमेरिका के माउंट होलोके कॉलेज से पढ़ाई की है. वह पहले जेपी मॉर्गन में इन्वेस्टमेंट बैंकर थीं. 2010 में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और टीएमसी जॉइन की. 2019 में पहली बार सांसद बनीं और 2024 में फिर से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचीं.

कौन हैं महुआ मोइत्रा के पति?

पिनाकी मिश्रा की बात करें तो वह 1996 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार सांसद बने. बाद में बीजद में शामिल हुए और 2009, 2014, और 2019 में लगातार तीन बार सांसद रहे. 2024 में वह भाजपा के संबित पात्रा से चुनाव हार गए.

हालांकि इस शादी को लेकर महुआ या पिनाकी मिश्रा की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन तस्वीरें और खबरें इस रिश्ते की पुष्टि करती दिख रही हैं. यह शादी भले ही निजी रही हो, लेकिन इसके बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है. वहीं तमाम हलचल के बीच TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने अब तक अपने ट्विटर हैंडल से कोई ट्वीट नहीं किया है.

अगर दो अलग-अलग पार्टी के दिग्गज नेताओं ने शादी की है, तो ये चर्चा भी शुरू हो गई है कि क्या उनका घर में सियासी रण बनेगा या आने वाले दिनों में TMC सांसद महुआ मोइत्रा अपनी पार्टी छोड़ देंगी. एक चर्चा ये भी है कि BJD के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा पत्नी के कहने पर पार्टी छोडकर TMC में शामिल होंगे या दोनों अलग -अलग ही अपनी सियासी राह पर बने रहेंगे, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा.

ये भी पढ़ें: अयोध्या में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा: सूरत के कारोबारी ने दान किए हीरे जड़ित सोने-चांदी के आभूषण, चार्टर्ड प्लेन से पहुंचे

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read