Bharat Express DD Free Dish

UKSSC भर्ती घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, हरीश रावत के निजी सहायक के पास मिलीं रोलेक्स-राडो जैसी 12 लग्जरी घड़ियां

UKSSSC Recruitment Scam ED Raid: ईडी ने 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीपीडीओ) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने देहरादून में छापेमारी के दौरान कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना के ठिकानों की भी तलाशी ली.

uksssc-scam-ed-raid-harish-rawat-pa-rolex-rado-watches

हरीश रावत के निजी सहायक के पास मिलीं रोलेक्स-राडो जैसी 12 लग्जरी घड़ियां (इमेज-X.com)

UKSSSC Recruitment Scam ED Raid: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीपीडीओ) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने देहरादून में छापेमारी के दौरान कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना के ठिकानों की भी तलाशी ली.

ईडी के मुताबिक, इस कार्रवाई में करीब 1.28 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं. अधिकारियों ने बताया कि चंदन सिंह जीना फिलहाल हरीश रावत के निजी सहायक के रूप में कार्यरत हैं.

तलाशी के दौरान ईडी को 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी मिली. इसके अलावा करीब 200.5 ग्राम सोना भी बरामद किया गया, जिसमें 13 सोने के सिक्के और 7 सोने की चेन शामिल हैं. एजेंसी ने 12 लग्जरी कलाई घड़ियां भी जब्त की हैं.

UKSSSC Recruitment Scam ED Raid
हरीश रावत के निजी सहायक के पास मिलीं रोलेक्स-राडो जैसी 12 लग्जरी घड़ियां

ईडी के अनुसार, जब्त घड़ियों में रोलेक्स, राडो, पियाजे, मोवाडो, टिसोट और कैसियो एडिफाइस जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड शामिल हैं. एजेंसी ने बताया कि इन घड़ियों का मूल्यांकन अभी जारी है. ऐसे में जब्त की गई संपत्तियों का कुल मूल्य आगे और बढ़ सकता है.

UKSSC की परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप

प्रवर्तन निदेशालय के देहरादून उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत यह कार्रवाई की. जांच का उद्देश्य उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की वर्ष 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों से जुड़े अपराध की आय का पता लगाना है.

UKSSSC Recruitment Scam ED Raid
UKSSC भर्ती घोटाले में ED का बड़ा एक्शन

ईडी ने कहा कि यह मामला देहरादून के सतर्कता थाने में दर्ज एक प्राथमिकी और बाद में दर्ज तीन अन्य एफआईआर पर आधारित है.

एजेंसी के मुताबिक तलाशी अभियान तत्कालीन यूकेएसएसएससी अध्यक्ष, तत्कालीन सचिव, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक, ओएमआर प्रोसेसिंग से जुड़ी निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक, कथित साजिश से जुड़े बिचौलियों और चंदन सिंह जीना के आवासों पर चलाया गया.

ऐसे किया परीक्षा में घपला

जांच में सामने आया कि ओएमआर उत्तर पुस्तिकाओं को यूकेएसएसएससी की सुरक्षित अभिरक्षा से निकालकर तत्कालीन सचिव के निजी आवास पर ले जाया गया था. वहां अधूरी भरी गई ओएमआर शीटों के रोल नंबर नोट किए गए और उन्हें निजी कंप्यूटर एजेंसी के कर्मचारियों को सौंप दिया गया. आरोप है कि उत्तरों के बुलबुले धोखाधड़ी से भरने और बदलने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को दोबारा सील किया गया और इसके बदले अवैध धनराशि बिचौलियों के जरिए पहुंचाई गई.

तलाशी के दौरान ईडी ने पीएमएलए की धारा 17(1ए) के तहत चंदन सिंह जीना और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया. इन खातों में कुल 52 लाख रुपए की राशि जमा थी.

बड़ी मात्रा में नकदी बरामद

एजेंसी ने उनका मोबाइल फोन भी फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया है. जांच में यह भी पता चला कि उन्होंने बड़ी मात्रा में नकद खर्च किया था, जिसका कोई स्पष्ट स्रोत नहीं बताया गया. ईडी के अनुसार बरामद नकदी और नकद खर्च उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से मेल नहीं खाते.

ये भी पढ़ें- आपातकाल में अधूरी छोड़ी पढ़ाई, भूमिगत रहकर संभाली कमान: मोहन भागवत के ‘संघ प्रमुख’ बनने की पूरी कहानी

ईडी ने यह भी कहा कि तलाशी के दौरान यूकेएसएसएससी के कई पूर्व अधिकारियों और उनसे जुड़े लोगों के पास से भी बेहिसाबी नकदी बरामद हुई. इनकी रकम कुछ हजार रुपए से लेकर लाखों रुपए तक थी. कुछ मामलों में सोने के आभूषण भी मिले हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read