Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

UP News: SDM ज्योति मौर्य जैसा मामला कानपुर देहात से आया सामने, नर्सिंग का कोर्स करवाने वाले पति ने कहा, अब पत्नी कहती हैं, “मैं काला हूं और मेरा स्टेटस उससे मैच नहीं करता”

पति ने आरोप लगाया कि उसने मजदूरी करके अपनी पत्नी को पढ़ाया और सिफारिश करके उसकी नौकरी लगवाई और जब उसे अच्छी पेमेंट मिलने लगी तो वह उसके साथ रहने को तैयार नहीं है और तमाम आरोप लगा रही है.

अर्जुन

-अभय अवस्थी 

UP News: वर्तमान में यूपी में चर्चा का विषय बना SDM ज्योति मौर्य के जैसा ही मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से भी सामने आया है. यहां पति (अर्जुन सिंह) ने अपनी पत्नी (सविता मौर्य) को पढ़ा लिखाकर नर्सिंग का कोर्स करा दिया और उसकी नौकरी लग गई तो वह अब बोल रही है कि वह उसे प्रताड़ित करता है और काला है. अब वह उसके साथ नहीं रहेगी. इस मामले में उसके पति अर्जुन ने पत्नी पर कई आरोप लगाए हैं तो वहीं एक ताजा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सुनाई दे रहा है कि सविता अपने पति के टुकड़े करा देने की बात कर रही है. दावा किया जा रहा है कि यह ऑडियो सविता का ही है.

इस मामले में जानकारी सामने आ रही है कि, अमिताभ बच्चन की फिल्म सूर्यवंशम से प्रभावित होकर अर्जुन ने अपनी पत्नी सविता को पढ़ा लिखा काबिल बनाया लेकिन अब उसका नाम भी धोखा खाए पति आलोक मौर्य के नाम की लिस्ट में जुड़ गया है. बता दें कि, कानपुर देहात के मैथा में रहने वाले अर्जुन की शादी 2017 में बस्ती जिले की रहने वाली सविता मौर्य के साथ हुई थी. सविता मौर्य में पढ़ाई की लगन देखकर अर्जुन ने सविता को पढ़ा लिखा कर काबिल बनाने का फैसला किया और नर्सिंग कराने के लिए सविता का दाखिला मंधना में बने “रामा कॉलेज ऑफ नर्सिंग एण्ड पैरा मेडिकल साइंस” में करा दिया. तो वहीं वह खुद मजदूरी कर पैसों को इकट्ठा करने लगा ताकि पत्नी की पढ़ाई पूरी करा सके. इसके बाद उसकी पत्नी को दिल्ली में नौकरी मिली और वह नौकरी करने दिल्ली चली गई. इस सम्बंध में अर्जुन ने आगे बताया कि दिल्ली में ही नौकरी करते वक्त उसे सविता पर शक होने लगा था. इस पर उसने उसे वापस बुला लिया और फिर तमाम सिफारिश लगवाकर सविता को कानपुर देहात के रसूलाबाद के नारखुर्द में बने स्वास्थ्य केंद्र में लगवा दिया, जहाँ उसे अच्छी खासी पेमेंट मिलने लगी.

ये भी पढ़ें- SDM ज्योति मौर्य और मनीष दुबे का क्या है रिश्ता ? सवाल पर भड़के महोबा जिला कमांडेंट, बोले- जबरदस्ती नहीं

बदल गए थे तेवर

अर्जुन ने बताया कि अच्छी पेमेंट मिलने के बाद ही सविता के तेवर और मिजाज बदल गए थे. अर्जुन ने आरोप लगाते हुए बताया कि सविता उससे दूरी बनाने लगी और कहने लगी तुम काले हो. हमारा तुम्हारा स्टेट्स हमसे मेल नही करता. इसी के बाद विवाद शुरू हुआ. तो वहीं अर्जुन का कहना है कि उसने कर्ज लेकर पत्नी की पढ़ाई कराई थी. वह कर्ज में डूबा है तो पत्नी अब विवाद कर रही है और एक पैसा भी नहीं दे रही है. वहीं इस मामले में सविता से मीडिया ने बात करनी चाही तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया. बता दें कि यह पूरा घटनाक्रम 8 जुलाई को सामने आया है.

वायरल हुआ ऑडियो

वहीं इस मामले में एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसे सविता का बताया जा रहा है जो कि अपने पति अर्जुन से बात कर रही है. इस ऑडियो में बस्ती जिले की सविता मौर्य अपने पति अर्जुन को टुकड़े कराने की धमकी दे रही हैं. इसी के साथ ऑडियो में अजुर्न को सविता मौर्य गन्दी-गन्दी गाली देती सुनाई दे रही हैं. सविता अपने पति अर्जुन से कह रही है भगवान भी उतर आए फिर भी मैं तेरे साथ नहीं रहूंगी और किसी और से भी शादी नहीं करुंगी. फिलहाल इस वायरल ऑडियो की भारत एक्सप्रेस पुष्टि नहीं करता है.

जानें क्या है ज्योति मौर्य का मामला

बता दें कि हाल ही में पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य में पति पर दहेज मांगने को लेकर आरोप लगाया है तो वहीं उनके पति आलोक मौर्य ने उनसे अवैध रिश्तों का खुलासा किया है और कहा है कि महोबा जिला कमांडेंड मनीष दुबे के साथ उनके अवैध सम्बंध हैं. इसलिए रास्ते से उनको हटाने के लिए ही ज्योति उन पर आरोप लगा रही हैं, जबकि उन्होंने ही ज्योति को पीसीएस की तैयारी करवाई और पढ़ा लिखाकर अधिकारी बनवाया. फिलहाल इस मामले में जांच जारी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital