Bharat Express DD Free Dish

UP Rain: लखनऊ से गोरखपुर-गोंडा तक मूसलाधार बारिश का तांडव, कहीं मकान ढहे तो कहीं गिरे पेड़

उत्तर प्रदेश में 48 घंटे से जारी भारी बारिश ने लखनऊ, गोंडा, श्रावस्ती, फतेहपुर, मऊ और उन्नाव समेत कई जिलों में तबाही मचा दी है. कहीं पेड़ और मकान गिरने से मौतें हुईं, तो कहीं नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ और फसलों पर संकट गहरा गया है.

Weather

आज का मौसम

UP Heavy Rain Damage: उत्तर प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती सिस्टम ‘अर्नब’ और लगातार 48 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा रखी है. राजधानी लखनऊ से लेकर गोंडा, श्रावस्ती, मऊ, उन्नाव, फतेहपुर और बदायूं तक बारिश के कारण जिंदगी पूरी तरह पटरी से उतर गई है.

कहीं 100 साल पुराने पेड़ उखड़ गए, कहीं ऐतिहासिक गेट ढह गए, तो कहीं दर्जनों कच्चे मकान ताश के पत्तों की तरह जमींदोज हो गए. अलग-अलग हादसों में कई लोगों की दर्दनाक मौत की खबर है, जबकि नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है.

गोंडा और श्रावस्ती में पेड़ गिरने से हाहाकार(UP Heavy Rain Damage)

गोंडा: धानेपुर थाना क्षेत्र में शुक्लागंज-रेहरा मार्ग पर एक विशाल पेड़ अचानक बाइक सवारों पर गिर पड़ा. हादसे में बलरामपुर के रहने वाले 35 वर्षीय इमरान और 33 वर्षीय खालिद की मौके पर ही मौत हो गई.

श्रावस्ती: सोनवा इलाके के लोनियनपुरवा गांव में छप्पर के नीचे बैठे परिवार पर पास का पुराना पेड़ गिर गया. इस हादसे में पेड़ और मलबे के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

फतेहपुर में 72 कच्चे आशियाने ढहे

फतेहपुर: जिले में बारिश के तांडव से अब तक करीब 72 कच्चे मकान गिर चुके हैं. मकान के मलबे में दबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई बुरी तरह घायल हो गया. एडीएम विनय पाण्डेय के अनुसार प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है.

मऊ: परदहा इलाके में तेज आंधी-बारिश से कच्चा घर गिरने से रेनू सिंह, मीनू पटेल और प्रिंस सिंह मलबे में दब गए, जिन्हें ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया.

बदायूं: सिरसौली गांव में बीमारी से हाल में मरे होरीलाल का कच्चा मकान बारिश में पूरी तरह जमींदोज हो गया.

राजधानी लखनऊ में ऐतिहासिक गेट और बाउंड्रीवॉल ढही

लखनऊ में लगातार जारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. निशातगंज में करीब 100 साल पुराना ऐतिहासिक बरगद का पेड़ उखड़ गया, जिससे पार्क की बाउंड्रीवॉल और एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं हुसैनाबाद में सतखंडा चौकी के पास ऐतिहासिक गेट का ऊपरी हिस्सा अचानक गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

पुलिस ने रास्ते पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही बंद करा दी है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम और नगर आयुक्त ने जलभराव वाले इलाकों का जायजा लिया तथा हेल्पलाइन नंबर 1533 जारी किया.

श्रावस्ती में राप्ती और उन्नाव में सई नदी मचा रही तबाही

श्रावस्ती: नेपाल के पहाड़ी इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश से राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है, जिससे तटीय इलाकों में कटान शुरू हो गई है.

उन्नाव: पिछले 36 घंटे से जारी बारिश के कारण सई नदी का जलस्तर बढ़ने से रसूलपुर बकिया मार्ग डूब गया है. आटा बंथर गांव में कच्चा घर गिरने से 6 मवेशियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. जल निगम कार्यालय समेत कई सरकारी दफ्तर जलमग्न हो चुके हैं.

यह  भी पढ़ें: UP से लेकर छत्तीसगढ़ और बिहार तक…14 राज्यों में मचा हाहाकार, क्या है ये राक्षसी ‘Cyclone Arnab’?

बदायूं में खरीफ फसलों पर गहराया बर्बादी का संकट

एटा: गंज रोड पर मां जानकी कॉलेज के पास ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसके बाद ग्रामीणों ने भारी बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सवारों को बाहर निकाला.

किसानों पर आफत: बदायूं समेत पश्चिमी और मध्य यूपी में धान, मक्का, बाजरा, उड़द और तिल जैसी खरीफ की खड़ी फसलें जलमग्न होकर बर्बाद हो गई हैं. कृषि विभाग ने बीमित किसानों से टोल-फ्री नंबर 14447 पर फसल नुकसान की तत्काल सूचना देने की अपील की है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read