तहव्वुर राणा का प्रत्यर्पण
26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा भारत में हैं. NIA कोर्ट ने उसे 18 दिनों की कस्टडी में भेज दिया है. इस दौरान NIA मुंबई हमले से जुड़े तमाम पहलुओं पर पूछताछ करेगी. इस बीच उस वक्त की एक तस्वीर सामने आई है जब अमेरिका के केंद्रीय जिला कैलिफोर्निया में मंगलवार को अमेरिकी मार्शल सेवा ने पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा को भारत के विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों के हवाले कर दिया. यह प्रत्यर्पण भारत की वर्षों से चल रही मांग और कानूनी लड़ाई का नतीजा है, जिसे लेकर भारतीय एजेंसियों ने निरंतर प्रयास किए.
18 दिन NIA की हिरासत में रहेगा आतंकी
राणा को अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की 18 दिन की हिरासत में रखा गया है. इस दौरान एनआईए की टीम उससे गहन पूछताछ करेगी ताकि 2008 के मुंबई आतंकी हमलों की पूरी साजिश को उजागर किया जा सके. इन हमलों में कुल 166 लोगों की जान गई थी और 238 से अधिक लोग घायल हुए थे.
तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर US के न्याय विभाग ने जारी किया बयान
एनआईए के अनुसार, तहव्वुर राणा को अमेरिका से भारत लाने की प्रक्रिया पूरी तरह कानूनी थी और अमेरिका के न्याय विभाग के सार्वजनिक मामलों के कार्यालय (Office of Public Affairs, US Department of Justice) की देखरेख में संपन्न हुई. अमेरिका में उसकी ओर से प्रत्यर्पण रोकने के लिए की गई सभी अपीलें असफल रहीं, जिनमें यूएस सुप्रीम कोर्ट में दाखिल आपात याचिका भी शामिल थी.


तहव्वुर राणा पर लगा है ये आरोप
तहव्वुर राणा पर आरोप है कि उसने लश्कर-ए-तैयबा और हरकत-उल-जिहादी इस्लामी जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के साथ मिलकर, डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी और पाकिस्तान स्थित अन्य षड्यंत्रकारियों के साथ मिलकर मुंबई हमलों की साजिश रची थी.
पूछताछ से हो सकते हैं कई अहम खुलासे
अब जब राणा एनआईए की हिरासत में है, एजेंसी को उम्मीद है कि उसकी पूछताछ से कई अहम खुलासे हो सकते हैं, जो न सिर्फ हमले की गहराई तक पहुंचने में मदद करेंगे, बल्कि भविष्य में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की दिशा भी तय करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
