Urdu Conclave 2026

अमेरिकी सांसदों ने पीएम मोदी की नीतियों की तारीफ, भारत की वैश्विक भूमिका को बताया अहम

PM Modi Leadership Praise: अमेरिका में प्रभावशाली सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और सोच की तारीफ की. उन्होंने कहा कि मोदी भारत की वैश्विक भूमिका को नई दिशा दे रहे हैं और भारत-अमेरिका साझेदारी को मजबूत बना रहे हैं.

PM Modi Leadership Praise: पीएम मोदी के नेतृत्व की अमेरिका में जमकर तारीफ हो रही है. प्रभावशाली सांसदों ने उन्हें ऐसा अहम नेता बताया है, जो भारत की वैश्विक भूमिका को नई दिशा दे रहे हैं. उनका कहना है कि वॉशिंगटन पीएम मोदी को भारत-अमेरिका साझेदारी की मजबूती के लिए केंद्रीय मानकर चल रहा है.

सीएसआईएस (CSIS) कार्यक्रम में चर्चा

वॉशिंगटन स्थित सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) में आयोजित एक कार्यक्रम में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सदस्य रिच मैककॉर्मिक ने पीएम मोदी की नीतियों और सोच की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि मोदी का दृष्टिकोण पूरी तरह देशहित पर केंद्रित है और भारत के विकास लक्ष्यों के अनुरूप है.

राष्ट्रवादी सोच और विकास पर जोर

मैककॉर्मिक, जो कांग्रेसनल इंडिया कॉकस के को-चेयर भी हैं, ने कहा कि मोदी अच्छे अर्थों में राष्ट्रवादी हैं. वह भारत में उत्पादकता, विस्तार और नई तकनीकों को बढ़ावा देना चाहते हैं. अमेरिकी सांसदों का मानना है कि मोदी रक्षा और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में देश के भीतर क्षमता निर्माण पर जोर देते हैं ताकि भारत अपनी सैन्य ताकत खुद विकसित कर सके.

मतभेद भी स्वीकार

मैककॉर्मिक ने यह भी माना कि कुछ मुद्दों पर मतभेद हैं. भारत द्वारा रियायती दरों पर रूसी तेल खरीदने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यह अमेरिका को पसंद नहीं है, लेकिन मोदी अपने देश के हित में ऐसा कर रहे हैं ताकि सस्ती ऊर्जा से अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल सके.

अमेरिका से तालमेल की अहमियत

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अमेरिका के साथ तालमेल की अहमियत को समझते हैं और जानते हैं कि दोनों देशों की सोच कई स्तरों पर समान है. मैककॉर्मिक ने यहां तक कहा कि उनके विचार में मोदी आधुनिक इतिहास के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और शायद गांधी के बाद सबसे ज्यादा लोकप्रियता रखते हैं.

ये भी पढ़ें-चंदौली में पतंग विवाद पर दो पक्षों में जमकर मारपीट, आधा दर्जन लोग घायल

मैककॉर्मिक ने मोदी के उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि वह उस नेता पर भरोसा नहीं करते जिसने कभी भारत को उत्तर से दक्षिण या दक्षिण से उत्तर तक ट्रेन के सामान्य कोच में यात्रा न की हो.

अमी बेरा ने क्या कहा?

कार्यक्रम में मौजूद भारतीय-अमेरिकी सांसद अमी बेरा ने कहा कि मोदी का कार्यकाल भारत के वैश्विक उभार से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि भारत इंडो-पैसिफिक रणनीति का अहम हिस्सा है और यह सोच कई अमेरिकी प्रशासन में लगातार बनी हुई है.

भारत की बढ़ती ताकत

अमी बेरा ने आगे कहा कि भारत का तेजी से बढ़ता घरेलू बाजार और आत्मविश्वास वैश्विक आर्थिक और रणनीतिक समीकरणों को नए सिरे से आकार दे रहा है. उनके मुताबिक भारत की भूमिका आने वाले समय में और भी मजबूत होगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read