Gandak River Ring Dam Repair: पंकज चौहान/हाजीपुर: बिहार के वैशाली जिले में बाढ़ के संकट के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है. हाजीपुर के लालगंज प्रखंड स्थित यूसुफपुर पंचायत के पीरापुर गांव (वार्ड नंबर-5) में गंडक नदी के उफान से रिंग बांध में अचानक भीषण रिसाव और कटाव शुरू हो गया. खतरे की घंटी बजते ही वैशाली की जिलाधिकारी (DM) वर्षा सिंह बिना वक्त गंवाए आधी रात को ही खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंच गईं.
खटिया पर बैठकर रात भर कराई निगरानी
मामले की नजाकत को समझते हुए डीएम वर्षा सिंह पूरी रात तटबंध पर ही डटी रहीं. रात 10 बजे से शुरू हुआ बांध मरम्मत का काम सुबह 4 बजे तक लगातार चलता रहा. इस दौरान एक तरफ जहां प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी टीम ग्रामीणों के साथ मिलकर कटाव रोकने में लगे थे, वहीं डीएम वर्षा सिंह एक खटिया पर बैठकर खुद पूरी राहत और बचाव कार्य की सीधी निगरानी कर रही थीं.
जिलाधिकारी की इस तत्परता और संवेदनशीलता का नतीजा यह रहा कि समय रहते बांध के सभी रिसाव स्थलों को बालू की बोरियों और बोल्डर से सुरक्षित कर लिया गया. प्रशासन और ग्रामीणों के इस साझा प्रयास से इलाके में एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया, जिससे हजारों लोगों के घरों में पानी घुसने का खतरा टल गया है.
पूरे इलाके में हाई अलर्ट
गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क मोड पर है. डीएम वर्षा सिंह ने सिंचाई विभाग के इंजीनियरों, अधिकारियों और स्थानीय प्रशासनिक टीम को पूरे रिंग बांध पर 24 घंटे पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए. फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है.
यह भी पढ़ें: अलवर में दिल दहलाने वाली घटना, बेटे से बाइक का बहाना कर मंगवाया पेट्रोल, फिर खुद को लगाई आग
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

