महाराष्ट्र के वसई-विरार शहर में समुद्र तटों को पूरी तरह प्रदूषणमुक्त और साफ-सुथरा बनाने के लिए एक मिसाल पेश की गई है. वसई-विरार शहर महानगरपालिका की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत विरार पश्चिम के राजोडी बीच पर एक व्यापक सफाई महा-अभियान चलाया गया.
इस विशेष कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमियों, स्कूली विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. सुबह-सुबह शुरू हुए इस अभियान में दो हजार से अधिक लोगों ने एकजुट होकर श्रमदान किया.
बीच क्लीनिंग मशीन का हुआ इस्तेमाल
राजोडी समुद्र तट पर सफाई के काम को बेहद सुचारू तरीके से अंजाम देने के लिए पूरे इलाके को 10 अलग-अलग जोन में बांटा गया था. हर जोन की कमान महानगर पालिका के प्रभागवार कर्मचारियों और सफाई निरीक्षकों के हाथ में थी.
तट के करीब 2 किलोमीटर लंबे दायरे में फैले कचरे को साफ करने के लिए आधुनिक मशीनों की मदद ली गई. जेसीबी और विशेष ‘बीच क्लीनिंग मशीन’ के जरिए रेत में दबे और बिखरे कचरे को तेजी से बाहर निकाला गया. इस पूरी मुहिम के दौरान करीब 15 टन कचरा इकट्ठा किया गया, जिसे बाद में सही तरीके से पृथक्करण (Segregation) करके महानगर पालिका के डंपिंग ग्राउंड भेजा गया.
विद्यार्थियों के लिए रहीं विशेष व्यवस्थाएं
इस मेगा क्लीनर ड्राइव में शामिल होने आए छात्र-छात्राओं और नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे. विद्यार्थियों के आने-जाने के लिए मुफ्त बस सेवा चलाई गई थी. साथ ही उन्हें दस्ताने, मास्क और पीने के पानी के साथ-साथ नाश्ता भी मुहैया कराया गया. सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर एम्बुलेंस, डॉक्टर और दमकल वाहनों को भी तैनात रखा गया था.
अभियान के अंत में राजोडी बीच परिसर में गणमान्य लोगों और अधिकारियों ने ‘सुरुचि’ प्रजाति के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में गीला और सूखा कचरा अलग रखें और पॉलीथिन के इस्तेमाल से तौबा करें.
यह भी पढ़ें: अजमेर में खाकी और काले कोट की भिड़ंत! फिक CO पर वकील को थप्पड़ मारने का आरोप, VIDEO VIRAL
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




