रिपोर्ट-विनय
Veer Bambo Baba Mela Itarsi: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में इटारसी से करीब 30 किलोमीटर दूर रामपुर गांव में होली की तीज पर 100 साल पुराना वीर बंबो बाबा का मेला लगता है. इस मेले में ग्रामीण आस्था के नाम पर एक 60-70 साल के बुजुर्ग व्यक्ति को 40 फीट ऊंचे मचान पर लकड़ी के सहारे कपड़े से बांधकर घुमाया जाता है. यह दृश्य देखकर आस्था और अंधविश्वास के बीच की पतली रेखा साफ नजर आती है.
बुजुर्ग को दूल्हे की तरह सजाकर मचान पर चढ़ाया
दरअसल मेले के दौरान हुआ यूं कि बुजुर्ग व्यक्ति को दूल्हे की तरह सजाया गया. फिर उसे एक घर से दूसरे घर ले जाया गया. इसके बाद लोहे की सीढ़ियों से जमीन से 40 फीट ऊंचे लकड़ी के मचान पर चढ़ाया गया. पेट में कपड़ा बांधकर उसे लकड़ी से मजबूती से बांधा गया. नीचे खड़े एक व्यक्ति ने रस्सी पकड़कर बुजुर्ग को जोर-जोर से आकाश में घुमाया. चारों तरफ ग्रामीण ‘वीर बंबो… वीर बंबो’ के जयकारे लगाने लगे. बुजुर्ग व्यक्ति भी हवा में लटककर करतब दिखाता रहा.
आस्था या जानलेवा अंधविश्वास?
ग्रामीण इसे बाबा वीर बंबो का चमत्कार बताते हैं और कहते हैं कि इससे फसल अच्छी होती है और गांव पर संकट नहीं आता. लेकिन इस तरह की हरकत में बुजुर्ग की जान को गंभीर खतरा रहता है. एक छोटी सी चूक या रस्सी टूटने से मौत हो सकती है. ग्रामीणों का कहना है कि यह सदियों पुरानी परंपरा है और बाबा की कृपा से कुछ नहीं होता. लेकिन सुरक्षा के लिहाज से यह बेहद जोखिम भरा है.
क्या है मेले का इतिहास?
बता दें कि रामपुर गांव में 100 साल से भी ज्यादा समय से वीर बंबो बाबा का मेला लगता है. होली की तीज पर यह उत्सव शुरू होता है. ग्रामीण मानते हैं कि बाबा की पूजा और करतब से गांव पर हर संकट टल जाता है. मेले में दूर-दूर से लोग आते हैं. लेकिन इस बार बुजुर्ग को 40 फीट ऊंचे मचान पर घुमाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे आस्था का प्रतीक बता रहे हैं, लेकिन कई लोग इसे जानलेवा अंधविश्वास कह रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

