Bharat Express DD Free Dish

लोगों का मानना है कि एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे सीपी राधाकृष्णन: PM Modi

Vice President Election 2025: देश में 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति चुनाव होगा। एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और इंडिया गठबंधन के पी सुदर्शन रेड्डी के बीच मुकाबला है. पीएम मोदी ने सांसदों से सही ढंग से वोट डालने की अपील की, वहीं बीआरएस ने मतदान से दूरी बनाई.

PM Modi

Vice President Election 2025: देश में मंगलवार यानी 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति चुनाव होगा. उस दिन मतदान होगा और शाम तक परिणाम आने की संभावना है. एनडीए की ओर से सीपी राधाकृष्णन और इंडिया गठबंधन की ओर से पी सुदर्शन रेड्डी उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं. एक दिन पहले नई दिल्ली में सोमवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हैं.

पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली में एनडीए की बैठक में शामिल हुआ, जिसमें एनडीए परिवार के सभी सांसदों ने भाग लिया. थिरु सीपी राधाकृष्णन की उम्मीदवारी ने सभी जगह अपार उत्साह पैदा किया है. लोगों का मानना ​​है कि वह एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे, जो अपनी बुद्धिमत्ता और अंतर्दृष्टि से इस पद को समृद्ध करेंगे.

पीएम मोदी बोले- ‘राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति साबित होंगे

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर कहा कि सांसद मंगलवार को सही ढंग से वोट डालें. अगर कोई वोट इनवैलिड होता है तो इससे सही संदेश नहीं जाता कि सांसद वोट सही ढंग से नहीं डाल रहे. एनडीए सांसदों की बैठक के बाद पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संसद भवन की लाइब्रेरी बिल्डिंग में बैठक की.

बता दें कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को अचानक से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने अपने इस्तीफे में स्वास्थ्य की परिस्थितियों का हवाला दिया था. इसके बाद उपराष्ट्रपति का पद खाली हो गया था और अब यह चुनाव हो रहा है.

एनडीए नेताओं की संसद भवन लाइब्रेरी में अहम बैठक

वहीं, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने घोषणा की कि वह उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान से दूर रहेगी. पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव (केटीआर) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चूंकि चुनाव में नोटा का विकल्प नहीं है, इसलिए पार्टी ने मतदान से दूरी बनाने का फैसला किया है.

उन्होंने याद दिलाया कि बीआरएस ने उस गठबंधन को समर्थन देने की पेशकश की थी, जो तेलंगाना के लिए दो लाख टन यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित करे, लेकिन न तो एनडीए और न ही इंडिया गठबंधन ने किसानों के लिए यूरिया उपलब्ध कराने की बात मानी, जिसके चलते पार्टी ने मतदान से दूर रहने का निर्णय लिया.

ये भी पढ़ें: PM मोदी के जन्मदिवस से महात्मा गांधी-शास्त्री की जयंती तक मनेगा ‘सेवा पखवाड़ा’, रक्तदान से लेकर वृक्षारोपण तक होंगे कार्यक्रम

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read