Bharat Express DD Free Dish

Vice President Election 2025: नए संसद भवन में PM मोदी ने डाला पहला वोट, एनडीए ने किया जीत का दावा

Vice President Election 2025: उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 के लिए संसद भवन में मतदान जारी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहला वोट डाला. एनडीए नेताओं ने उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन की भारी बहुमत से जीत का दावा किया है.

Vice President Election 2025

Vice President Election 2025: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे से वोटिंग जारी है. इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन में पहला वोट डाला. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ फोटो भी शेयर कीं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “2025 उपराष्ट्रपति चुनाव में वोट डाला.”

एनडीए नेताओं का दावा

एनडीए नेताओं ने भरोसा जताया कि उनके उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे. केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि एनडीए का उम्मीदवार रिकॉर्ड अंतर से विजयी होगा. भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि सीपी राधाकृष्णन का अनुभव और जमीनी जुड़ाव उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार बनाता है.

विपक्ष पर भी उठे सवाल

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि विपक्ष को उम्मीदवार उतारने से पहले गंभीरता से विचार करना चाहिए था. भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि अन्य दलों के सांसद भी राधाकृष्णन को समर्थन देंगे. उन्होंने दावा किया कि यह जीत ऐतिहासिक होगी.

सांसदों का विश्वास

भाजपा सांसद मंजु शर्मा और पीपी चौधरी ने कहा कि एनडीए के उम्मीदवार की जीत तय है. पीपी चौधरी का दावा है कि इंडी गठबंधन के कई वोट भी सीपी राधाकृष्णन के पक्ष में जाएंगे. शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा कि एनडीए स्पष्ट बहुमत से जीत हासिल करेगा. उनका मानना है कि विपक्षी सांसद भी राधाकृष्णन को वोट देंगे. भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “मेरा विश्वास है कि सीपी राधाकृष्णन ही देश के अगले उपराष्ट्रपति होंगे.”

ये भी पढ़ें: उपराष्ट्रपति की कुर्सी पर कौन? NDA के सीपी राधाकृष्णन और इंडिया ब्लॉक के बी सुदर्शन रेड्डी में टक्कर

एनडीए की मजबूती पर जोर

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा एनडीए एकजुट है। उन्होंने दावा किया कि सीपी राधाकृष्णन रिकॉर्ड मतों से विजयी होंगे. केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि एनडीए उम्मीदवार अच्छे मतों से जीत दर्ज करेंगे और क्रॉस-वोटिंग की संभावना नहीं है. केंद्रीय मंत्री संजय निषाद ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्षी दावे हमेशा गलत साबित हुए हैं और इस बार भी होंगे.

विपक्षी गठबंधन के 40-50 वोट भी एनडीए उम्मीदवार को मिलेंगे

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि एनडीए के पास पहले से बहुमत है और साथ ही उन्हें उम्मीद है कि विपक्षी गठबंधन के 40-50 वोट भी एनडीए उम्मीदवार को मिलेंगे.

Also Follow Bharat Express on Instagram 

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read