Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

UP Politics: ‘हवाई अड्डे’ को लेकर केशव प्रसाद मौर्य और शिवपाल में जुबानी जंग जारी…सपा नेता ने ली चुटकी

शिवपाल यादव ने चुटकी ली और कहा, “हम समाजवादी लोग तो चाहते हैं कि आप उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में हवाई अड्डा बनवा दें, लेकिन, इसके पहले आप कौशांबी में एक हवाई पट्टी भी बना दें.”

केशव प्रसाद मौर्य-शिवपाल यादव (फोटो सोशल मीडिया)

UP Politics: लोकसभा चुनाव-2024 से पहले यूपी में सियासत तेज हो गई है और राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है. इसी बीच यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने निशाना साधा तो मौर्य के ही बयान पर सपा नेता शिवपाल यादव ने भी हमला बोला है. शिवपाल यादव ने प्रदेश भर की टूटी सड़कों को लेकर निशाना साधा है और चुटकी लेते हुए कहा है कि सड़क पर चलते हुए हवाई सफर का एहसास हो रहा है.

बता दें कि केशव प्रसाद मौर्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे अखिलेश यादव ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से री-पोस्ट कर दिया है. इस वीडियो में केशव प्रसाद मौर्य बदांयू में एयरपोर्ट बनवाने की बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद वह काफी ट्रोल भी हुए. दरअसल केशव प्रसाद मौर्य एक कार्यक्रम में बदायूं गए हुए थे. वहां पर उन्होंने लोगों से उनकी समस्याएं पूछी तो लोगों ने रोडवेज की समस्या उनके समक्ष रखी, इस पर केशव ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यहां पर बस अड्डा नहीं, यहां पर हम हवाई अड्डा बनवाएंगे. इसके बाद वह अपनी कार में बैठे और निकल गए. इसके बाद से ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग मौर्य के इस बयान पर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- Ayodhya Ram Mandir: इस मुस्लिम महिला में भी दिखा राम मंदिर का जोश…मुंबई से पैदल ही निकली अयोध्या के लिए, बोली- मैं सनातनी हूं

बस अड्डा तो दे नहीं पा रहे हैं भाजपाई

वहीं सपा (समाजवादी पार्टी) प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस वीडियो पर चुटकी लेते हुए कहा है कि, भाजपाई ‘बस अड्डा’ तो दे नहीं पा रहे और वादा ‘हवाई अड्डे’ का कर रहे हैं. सच तो ये है कि आम जनता को नहीं बल्कि भाजपा नेताओं को एक ‘हवा-हवाई अड्डे’ की ज़रूरत है, जहां से वो अपने झूठ की उड़ानें भर सकें. अखिलेश ने ये भी कहा, “जनता का मजाक उड़ाना निंदनीय है, बदायूं की जनता इसका जवाब अगले चुनाव में भाजपा को हराकर देगी.”

सपा बहादुर मुद्दा विहीन हैं

हालांकि अखिलेश के इस बयान पर पलटवार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “जिस दिन से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन सिंह यादव ने शपथ लिया. सपा बहादुर अखिलेश यादव के पीडीए (परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी) के सदस्य बहुत उखड़े-उखड़े हैं. सैफई हवाई अड्डा बन सकता है तो बदांयू में क्यों नहीं! सपा बहादुर अखिलेश यादव मुद्दा विहीन हैं.”

शिवपाल ने दिया करारा जवाब

वहीं इस मामले पर उप मुख्यमंत्री को घेरते हुए शिवपाल यादव ने चुटकी ली और कहा, “हम समाजवादी लोग तो चाहते हैं कि आप उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में हवाई अड्डा बनवा दें, लेकिन, इसके पहले आप कौशांबी में एक हवाई पट्टी भी बना दें, अगर आपकी सरकार में सुनी जा रही है तो? वैसे भी पूरे प्रदेश में सड़क पर चलते हुए ‘हवाई’ सफर का एहसास तो हो ही रहा है सरकार.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital