15 नवंबर तक कई राज्यों में बदलेगा मौसम
Aaj Ka Mausam: मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों को लेकर नया अपडेट जारी किया है. इसके मुताबिक कई राज्यों में झमाझम बारिश और आंधी-तूफान का दौर देखने को मिलेगा. राहत की बात यह है कि दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में फिलहाल मौसम बिल्कुल साफ और शुष्क बना रहेगा. जिससे लोगों को बारिश जैसी किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
पूर्वोत्तर के चार प्रमुख राज्यों जिसमें नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं, में मौसम का मिजाज काफी सख्त रहने वाला है. विभाग ने यहां कई जगहों पर भारी बारिश होने और साथ ही आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है.
बिहार में चलेगी तेज आंधी तो यूपी रहेगा शुष्क
इसके अलावा बिहार और केरल जैसे राज्यों में तेज आंधी और वज्रपात की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हालात थोड़े ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. यहां मूसलाधार बारिश के साथ-साथ 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
देश के बाकी हिस्सों की बात करें तो उत्तर भारत के मैदानी इलाकों यानी दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में बुधवार को मौसम पूरी तरह शुष्क और सुहाना रहने की उम्मीद है. हालांकि पंजाब के कुछ इलाकों में 12 से 15 नवंबर के बीच हल्की बारिश हो सकती है.
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम करवट ले रहा है. जहां 11 नवंबर को उत्तराखंड में मौसम साफ रहने के बाद अगले दो दिनों में कुछ जगहों पर पानी बरस सकता है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी इस हफ्ते के दौरान रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं.
केरल से लेकर आंध्र प्रदेश तक हो सकती है बारिश
दक्षिण भारत के राज्यों में भी मानसून और मौसमी हलचल पूरी तरह थमी नहीं है. केरल और माहे में गरज के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है. वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है. दूसरी तरफ राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा और छत्तीसगढ़ के लोगों को इस हफ्ते मौसम में किसी बड़े बदलाव का सामना नहीं करना पड़ेगा. यहां बढ़िया धूप खिली रहने के साथ मौसम शुष्क बना रहेगा.
ये भी पढ़ें- Bhai Dooj 2026: इन 5 सदाबहार गानों के साथ मनाएं भाई-बहन के प्यार का त्योहार, याद आ जाएंगे पुराने दिन
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों यानी 12 से 15 नवंबर के बीच पूर्वोत्तर और अंडमान के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है. 15 नवंबर के आसपास तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




