Bharat Express DD Free Dish

सावधान! कहीं धूल भरी आंधी तो कहीं बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर में आज क्या रहने वाला है तापमान?

India Meteorological Department के अनुसार उत्तर भारत में तापमान तेजी से बढ़ेगा और दिल्ली-UP में हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं. वहीं पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना बना रहेगा…

Weather Update today in India: देश के अधिकांश हिस्सों में अब वसंत की विदाई और भीषण गर्मी की दस्तक साफ महसूस होने लगी है. मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, आज 11 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.

वहीं दिल्ली-एनसीआर, यूपी और राजस्थान जैसे राज्यों में दोपहर के समय तेज धूप लोगों को बेहाल करेगी. राहत की खबर सिर्फ पहाड़ी राज्यों और उत्तर-पूर्वी भारत से है, जहां पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी प्रणालियों के कारण बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जारी रहेगा.

मैदानी इलाकों में हीटवेव की आहट

दिल्ली (Weather Update today in delhi) और यूपी में आज आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 38°C से 39°C तक जा सकता है. उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में 15 अप्रैल तक लू (Heatwave) जैसे हालात बनने की चेतावनी दी गई है. वहीं, राजस्थान में गर्मी के साथ धूल भरी आंधी का ‘डबल अटैक’ देखने को मिलेगा. इसके विपरीत, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों (Weather Update today in mountains) में हल्की बर्फबारी और बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा बना रहेगा, जो पर्यटकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है.

पूर्वोत्तर भारत में 14 अप्रैल तक बारिश का अलर्ट

एक तरफ जहां मैदानी इलाके तप रहे हैं, वहीं असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कुदरत का अलग ही रंग दिख रहा है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में 14 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे वहां के तापमान में फिलहाल ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी.

यह भी पढ़ें: अंतरिक्ष में इतिहास रचने के करीब भारत! ISRO का दूसरा एयर ड्रॉप टेस्ट सफल, गगनयान मिशन को मिली रफ्तार

तापमान का गणित: आने वाले दिनों में कितनी बढ़ेगी तपिश?

उत्तर-पश्चिम भारत: 16 अप्रैल तक तापमान में 6-8 डिग्री की भारी बढ़ोतरी संभव है.

मध्य व पूर्वी भारत: यहां भी पारा 5 से 7 डिग्री तक चढ़ सकता है.

गुजरात व महाराष्ट्र: अगले तीन दिनों में 2-4 डिग्री की बढ़त देखी जाएगी.

पहाड़ी क्षेत्र: उत्तराखंड और हिमाचल में हल्की बारिश से तापमान स्थिर रहेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read