Weather Update: दिल्ली-NCR के लोगों को बीते कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. एक तरफ मानसून का सीजन खत्म होने की ओर है, तो दूसरी तरफ राजधानी में बादल तो आते हैं लेकिन बरसते नहीं. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि फिलहाल दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है. अगले कुछ दिनों तक पारा ऊपर ही चढ़ेगा और लोगों को पसीने से राहत नहीं मिलेगी.
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 26 सितंबर तक हालात ऐसे ही बने रह सकते हैं.
यूपी-बिहार में बदला मिजाज
दिल्ली की तरह ही उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम करवट लेने लगा है. पश्चिमी यूपी के आसमान फिलहाल बिल्कुल साफ रहने वाले हैं, जबकि पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. हालांकि इसका तापमान पर खास असर नहीं पड़ेगा और गर्मी बनी रहेगी.
वहीं बिहार में नवरात्रि से पहले मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल रहा है. अगले चार-पांच दिनों तक कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है. लेकिन यहां भी तापमान में गिरावट के बजाय हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- Delhi: लालकिला मैदान में रामलीला 22 सितंबर से, 3 अक्टूबर को दशहरा का भव्य आयोजन, ट्रैफिक यूं होगा डायवर्ट
पहाड़ों पर बारिश और खतरे की आहट
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज हमेशा बदलता रहता है. कभी धूप तो कभी अचानक काले बादल और बारिश. फिलहाल IMD ने अगले तीन दिनों तक थोड़ी राहत की उम्मीद जताई है, लेकिन कुछ इलाकों में बरसात अभी भी परेशान कर सकती है.
24 सितंबर से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जैसे जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा भी बना हुआ है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



