Weather Update: मॉनसून का मौसम इस बार थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. सितंबर का दूसरा हफ्ता शुरू हो चुका है, लेकिन देश के कई राज्यों में बारिश अब भी परेशानियां बढ़ा रही है. खासकर पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हालात बेहद खराब बने हुए हैं. लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. वहीं मैदानी इलाकों में भी हालात ज्यादा बेहतर नहीं हैं. उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे बड़े राज्यों में भी भारी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाके के लिए आज (9 सितंबर) आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उत्तरी गुजरात में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भी बरसेगा पानी
मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10 सितंबर तक लगातार भारी बारिश हो सकती है. वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 से 14 सितंबर तक जोरदार बारिश का दौर चलेगा. नागालैंड और मणिपुर में भी 11 और 12 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है. ओडिशा में 11 और 12 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली-NCR में आज का मौसम
दिल्ली-NCR के लोगों को आज आंधी-तूफान और हल्की बारिश का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में मंगलवार को आसमान आंशिक रूप से बादल से घिरा रहेगा और कई इलाकों में बारिश हो सकती है. इसके अलावा 10 और 11 सितंबर को भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें- उपराष्ट्रपति की कुर्सी पर कौन? NDA के सीपी राधाकृष्णन और इंडिया ब्लॉक के बी सुदर्शन रेड्डी में टक्कर
यूपी और बिहार में क्या रहेगा हाल
उत्तर प्रदेश में इस समय उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 11 सितंबर से राज्य में बारिश का नया दौर शुरू होगा. सबसे पहले तराई बेल्ट के जिलों में इसका असर दिखेगा और फिर 12-13 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के इलाकों में तेज बारिश हो सकती है.
बिहार में पिछले कुछ दिनों से बारिश में रुकावट आई है, जिसकी वजह से गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है. हल्की-फुल्की बूंदाबांदी जरूर हो रही है, लेकिन राहत देने लायक नहीं. मौसम विभाग का अनुमान है कि 13 सितंबर तक बिहार के अलग-अलग जिलों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है.
Also Follow Bharat Express on Instagram
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


