Weather Update: सितंबर का आधा महीना गुजर चुका है और अब मानसून अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है. कई राज्यों में लोगों को बारिश से धीरे-धीरे राहत मिल रही है, लेकिन देश के कुछ हिस्सों में आसमान अभी भी खूब बरस रहा है. मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट साफ बताते हैं कि इस वक्त पूरे देश में मौसम का हाल एक जैसा नहीं है. कहीं धूप-छांव का खेल है तो कहीं बादलों के साथ गरज-चमक भी बनी हुई है.
दिल्ली-NCR में बरसात से राहत
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज यानी 15 सितंबर को बादल छाए रहने के आसार हैं. बीच-बीच में धूप भी निकल सकती है, लेकिन बारिश की संभावना बहुत कम है. मौसम विभाग का कहना है कि लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. अगले कुछ दिनों, यानी 16 से 20 सितंबर के बीच हल्की बूंदाबांदी जरूर हो सकती है, लेकिन तेज बारिश का खतरा अभी नहीं है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश के हालात अलग हैं. यहां आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. खासकर पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों और पूर्वी यूपी के जिलों गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, आजमगढ़, बलिया और देवरिया में गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश देखने को मिल सकती है. बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
मुंबई में तूफानी हवाओं के बीच ऑरेंज अलर्ट
मौसम की सबसे नाटकीय तस्वीर मुंबई और उसके आसपास के इलाकों से सामने आ रही है. मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में आज सुबह से ही ऑरेंज अलर्ट लागू है. आने वाले घंटों में यहां मूसलाधार बारिश हो सकती है. तेज हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ सकता है. लोगों को बाहर निकलते वक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है.
पहाड़ों पर भारी बरसात की चेतावनी
उत्तराखंड के कई जिलों में भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जैसे इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. वहीं पौड़ी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है. पहाड़ों पर लगातार बारिश से भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी बढ़ गई है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
