Weather Update: देश में अब मॉनसून की रफ्तार थमने लगी है. जहां कुछ हफ़्ते पहले तक लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त था, वहीं अब ज्यादातर इलाकों में लोगों को राहत महसूस हो रही है. नदियों का जलस्तर भी तेजी से घट रहा है और बाढ़ प्रभावित इलाकों में हालात सुधरने लगे हैं. पंजाब से लेकर कश्मीर तक अब लोग धीरे-धीरे सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं.
दिल्ली में बढ़ेगा पारा, यमुना का जलस्तर घटा
राजधानी दिल्ली में आज (14 सितंबर) बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक आज पारा चढ़ सकता है और अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. हालांकि, राहत की बात यह है कि यमुना का जलस्तर तेजी से नीचे आ रहा है. बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोग शिविरों से अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं, जिससे प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती कम होती नजर आ रही है.
उत्तर प्रदेश में फिलहाल राहत
उत्तर प्रदेश में आज बारिश के आसार बहुत कम हैं. लेकिन मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. 15 से 19 सितंबर के बीच पूर्वी जिलों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं, पश्चिमी यूपी में फिलहाल तेज बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. यानी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज एक जैसा नहीं रहेगा कहीं लोग बारिश से जूझेंगे तो कहीं उमस और गर्मी से.
बिहार में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
बिहार के कई जिलों में आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है. किशनगंज, कटिहार, अररिया, पूर्णिया, सुपौल, खगड़िया और भागलपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही बिजली गिरने और वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले में न निकलने की सलाह दी है.
उत्तराखंड में राहत, कुछ इलाकों में अलर्ट
उत्तराखंड में आज ज्यादातर जगहों पर मौसम साफ रहने की उम्मीद है. केवल नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. हाल के दिनों में यहां बादल फटने और तेज बारिश से भारी तबाही देखने को मिली थी, इसलिए प्रशासन और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
