Weather Update: दिल्ली में जहां मंगलवार को दिनभर बारिश ने गर्मी से राहत दी, वहीं बुधवार को भी मौसम कुछ ऐसा ही रहने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, आज राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी.
लक्ष्मीनगर, पीतमपुरा, रोहिणी और आनंद विहार जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. लगातार हो रही बारिश ने राजधानी के लोगों को उमस से थोड़ी राहत जरूर दी है. इस मौसम में जहां गर्मी थोड़ी थमी है, वहीं बाहर निकलने वालों के लिए छाता जरूरी हो गया है.
तापमान और हवा की गुणवत्ता
आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. सुबह की शुरुआत में मौसम सुहावना रहा और बारिश की वजह से हवा में ठंडक महसूस हुई.
दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट दर्ज की गई है. आज सुबह 6 बजे राजधानी का औसत AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 125 रिकॉर्ड किया गया है, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. बारिश के चलते हवा की गुणवत्ता पहले से बेहतर हुई है.
उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम का मिज़ाज बदला हुआ है. यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ज़रूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.
उत्तर प्रदेश के इन जिलों में हो सकती है झमाझम बारिश
वाराणसी, गाजियाबाद, गोरखपुर, लखनऊ, अयोध्या, फैज़ाबाद सहित करीब 20 जिलों में आज भारी बारिश की आशंका है और अलर्ट जारी कर दिया गया है.
ये भी पढ़ें- Gold-Silver Price Today: सोने-चांदी के दामों में हल्की गिरावट, जानें आपके शहर में 24, 22 और 18 कैरेट का आज का रेट
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


