Weather Update: देश के मौसम में इन दिनों दो तरह की स्थितियाँ एक साथ देखने को मिल रही हैं. एक तरफ उत्तर भारत के राज्यों में ठंड का असर तेज होता जा रहा है, तो वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्से बारिश से भीग सकते हैं. मौसम विभाग ने अब दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में श्रीलंका के पास बने लो-प्रेशर एरिया को लेकर नया अलर्ट जारी किया है.
इसके चलते तमिलनाडु में 16 और 17 नवंबर को जोरदार बारिश की संभावना बढ़ गई है. दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी कल यानी 17 नवंबर से बारिश में इजाफा हो सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में महसूस होने लगी दिसंबर वाली ठंड
दिल्ली में नवंबर के बीच ही तापमान इतनी तेजी से गिरा है कि सुबह-शाम दिसंबर और जनवरी जैसी ठिठुरन महसूस होने लगी है. राजधानी का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो इस सीजन का सबसे कम स्तर है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज सुबह कई इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहेगा. इस बीच ठंड के साथ दिल्ली की हवा भी लगातार खराब होती जा रही है. बवाना में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 433 दर्ज किया गया, जो देश की सबसे खराब श्रेणी में आता है.
यूपी-बिहार में भी तेजी से गिर रहा तापमान
उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड अब पूरी तरह हावी होने लगी है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक हफ्ते में यूपी के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है. पूर्वी यूपी में आज सुबह घना कोहरा रहने की उम्मीद है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी बर्फीली ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है.
बिहार में पछुआ हवा ने ठंड को और तेज कर दिया है. मधुबनी, नालंदा, पटना, दरभंगा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है.
ये भी पढ़ें- देशभर में मौसम में आया बड़ा बदलाव, दक्षिण राज्यों में बारिश बनी संकट, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम
बिहार में और गिर सकता है पारा
बिहार में अगले कुछ दिनों तक तापमान लगातार नीचे जा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 26–30°C के बीच रहेगा, जबकि रात में पारा 10–16°C तक गिर सकता है. दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार जैसे गया, नवादा, रोहतास और औरंगाबाद में रात का तापमान 11–14°C के बीच रह सकता है.
उत्तर बिहार और कोसी-सीमांचल में भी रातें ठंडी होंगी और न्यूनतम तापमान 14–16°C तक जा सकता है. आसमान साफ रहेगा, लेकिन हवा की तेज़ी की वजह से ठंड और ज्यादा महसूस होगी.
पहाड़ी राज्यों में बदल रहा मौसम
उधर, हिमाचल प्रदेश में भी मौसम करवट ले रहा है. आज कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिसका असर मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा और ठंड और बढ़ेगी. देशभर की इन बदलती स्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दे रहा है दक्षिण भारत में बारिश का ध्यान रखें और उत्तर भारत में ठंड से बचाव पर ध्यान दें.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



