Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: दिल्ली-NCR में गर्मी और उमस बढ़ी, यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर में मौसम का हाल

देश के कई हिस्सों में आज बारिश का अलर्ट जारी है. यूपी और बिहार के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी है. दिल्ली-NCR में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा, लेकिन गर्मी और उमस का दौर जारी रहेगा. उत्तराखंड में भी भारी बारिश से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Weather Update, rain alert, weather forecast

Weather Update: देश में मानसून की रफ्तार अब कुछ हद तक धीमी जरूर हुई है, लेकिन कुछ हिस्सों में बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है. मौसम विभाग ने 12 सितंबर के लिए उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भी मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है.

देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के पैटर्न में भिन्नता देखने को मिल रही है. उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व के कुछ इलाके अभी भी बारिश के लिए संवेदनशील बने हुए हैं, जबकि दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में मौसम अधिकतर साफ और गर्म बना रहेगा.

दिल्ली-NCR में गर्मी और उमस का दौर जारी

दिल्ली और एनसीआर के मौसम को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 3-4 दिन से जारी बारिश थम चुकी है और इस दौरान उमस और गर्मी बनी रहेगी. आज राजधानी में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है. अनुमान है कि दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहेगा. हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है, जिससे हल्की ठंडी हवा का अहसास रहेगा.

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने 12 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, बस्ती, बलरामपुर, गोंडा और बहराइच शामिल हैं. खासकर पूर्वी और पश्चिमी यूपी के जिलों में अचानक मिजाज बदलने से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. लोगों से अपील की गई है कि वे बारिश के दौरान सुरक्षित रहें और जरूरी काम ही बाहर निकलें.

ये भी पढ़ें- दिल्ली और नोएडा मेट्रो के यात्रियों का सफर होगा आसान, अब एक ही ऐप से बुक कर सकेंगे टिकट

बिहार में मूसलाधार बारिश की संभावना

बिहार में भी आज कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, बांका, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, सारण और सिवान जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर बिजली गिरने और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है. ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और अपने घरों तथा वाहनों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की गई है.

उत्तराखंड में बारिश से सतर्क रहने की सलाह

उत्तराखंड में आज मूसलाधार बारिश का असर देखा जा सकता है. मौसम विभाग ने पिथौरागढ़, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, उत्तर काशी, उधम सिंह नगर, चंपावत, टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित रहने और आवश्यकता पड़ने पर घरों से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read