Bharat Express DD Free Dish

उत्तर भारत में ठंड का ‘ऑरेंज अलर्ट’: दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह, पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश का अनुमान

दिल्ली-NCR समेत समूचा उत्तर भारत इस समय शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है. विजिबिलिटी घटने से ट्रेनें और गाड़ियाँ प्रभावित हुई हैं, वहीं पहाड़ों पर सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है.

Weather Update, Fog Alert, IMD Forecast

Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने अपनी दस्तक तेज कर दी है. पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी राज्यों तक, हर जगह ठिठुरन और कोहरे का दोहरा वार देखने को मिल रहा है. आलम यह है कि सूरज की लुका-छिपी के बीच घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में विजिबिलिटी इतनी कम हो गई है कि सड़कों पर गाड़ियां रेंग रही हैं और लंबी दूरी की ट्रेनें अपने तय समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं.

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) की मानें तो अगले तीन दिन उत्तर भारत के लिए काफी अहम रहने वाले हैं. एक नया ‘पश्चिमी विक्षोभ’ सक्रिय हो रहा है, जिसका सीधा असर पहाड़ों और मैदानी इलाकों के मौसम पर पड़ेगा. 20 से 22 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में अच्छी बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है.

पहाड़ों पर होने वाली इस हलचल का असर नीचे भी दिखेगा. 21 दिसंबर के आसपास हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. अगर ऐसा हुआ, तो आने वाले दिनों में गलन और ज्यादा बढ़ जाएगी. वहीं, दिल्ली के आसमान में बादलों और कोहरे की एक मोटी परत छाई रहने वाली है, जिससे दिन में भी धूप के दर्शन मुश्किल हो सकते हैं.

दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ ठंड

राजधानी दिल्ली में गुरुवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान गिरकर 20.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. अगले दो दिनों तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है. सुबह के वक्त दिल्लीवालों को घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा, जबकि शाम होते-होते धुंध और ‘स्मॉग’ जैसी स्थिति बन सकती है.

ये भी पढ़ें- Weather Update: उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे का रेड अलर्ट, दिल्ली में प्रदूषण का ‘डबल अटैक’, जानें अपने शहर का हाल

यूपी-बिहार का हाल

उत्तर प्रदेश के करीब 40 जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी यूपी में शुक्रवार और शनिवार को हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गई है. बारिश के बाद सर्द हवाएं चलने से गलन वाली ठंड बढ़ेगी, जो आम जनजीवन को और प्रभावित करेगी. कोहरे की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी मुसाफिरों को हो रही है क्योंकि रेल और सड़क यातायात बुरी तरह चरमरा गया है.

पड़ोसी राज्य बिहार की बात करें तो वहां भी स्थिति जुदा नहीं है. अधिकांश जिलों में सुबह-सुबह घना कुहासा छाया रहता है. पटना जैसे बड़े शहरों में कड़ाके की ठंड के साथ-साथ प्रदूषण भी लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है. दिन भर चलने वाली बर्फीली हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में लुढ़कता पारा

रेगिस्तानी राज्य राजस्थान में भी इस बार सर्दी ने तेवर कड़े कर रखे हैं. सीकर, नागौर और बीकानेर जैसे जिलों में पारा 4 से 5 डिग्री के बीच झूल रहा है. माउंट आबू में भी कड़ाके की ठंड है. मौसम विभाग का कहना है कि 22 दिसंबर तक यहां बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बारिश की भी संभावना है.

उधर, मध्य प्रदेश के राजगढ़ और इंदौर जैसे शहरों में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है. ग्वालियर, चंबल और भोपाल संभाग के इलाकों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read