Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

योगी सरकार 4000 से अधिक स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कराएगी योगाभ्यास कार्यक्रम

योगी सरकार 15 से 21 जून तक प्रदेशभर में योग सप्ताह आयोजित कर रही है, जिसमें सामूहिक योगाभ्यास, प्रतियोगिताएं और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां शामिल होंगी.

Uttar Pradesh Yoga Week 2025
Edited by Akansha

लखनऊ, 1 जून: योगी सरकार योग के माध्यम से जनमानस में स्वास्थ्य और सशक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय कदम उठा रही है. इसी के तहत प्रदेश भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह मनाया जाएगा. इस दौरान जनपद, तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम, सेमिनार, कार्यशाला, संगोष्ठी, भाषण प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, निबंध लेखन एवं स्लोगन प्रतियोगिता सहित कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा.

योग के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार किये गये 5 हजार योग ट्रेनर

प्रमुख सचिव आयुष रंजन कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर योग के प्रचार-प्रसार के लिए 5000 प्रशिक्षित योग ट्रेनर तैयार किए गए हैं, जो प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में योगाभ्यास करवाएंगे. योग प्रशिक्षकों और आयुष महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों द्वारा विभिन्न समितियों का गठन कर योग सप्ताह की व्यापक तैयारी की गई है. इन समितियों के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा महाविद्यालय, व्यवसायिक शिक्षा महाविद्यालय एवं अन्य महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच योग से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन में देश के 1,00,000 स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश के 4,075 स्थानों पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार 21 जून को सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम होंगे. इस मौके पर पूरे प्रदेश में एक साथ वृहद स्तर पर योगाभ्यास प्रदर्शन किया जाएगा. साथ ही यह आयोजन देश के प्रत्येक जिले में कवर करते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष योग संगम कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है.

प्रदेशभर में स्थापित किये जाएंगे योग पार्क

सीएम योगी की मंशा के अनुरुप प्रदेश में योग को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय निकायों के माध्यम से देश भर में 1,000 योग पार्क स्थापित किए जाएंगे. मंडल मुख्यालय वाले जनपदों में 3 और अन्य जनपदों में 2-2 योग पार्क चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें नगर विकास विभाग के समन्वय से विकसित किया जाएगा. इन योग पार्कों में पालिकाओं और पंचायतों का सहयोग लिया जाएगा ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग योगाभ्यास कर सकें.

योग के सिद्धांतों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए एक नई पहल भी शुरू की गई है. इसमें प्राकृतिक स्थानों पर योगाभ्यास के साथ-साथ वृक्षारोपण और सफाई अभियानों को भी जोड़ा जाएगा. इस योजना के तहत अमृत जलाशयों के किनारे योग सत्र आयोजित किए जाएंगे और पौधरोपण का कार्यक्रम भी होगा. प्रदेश की प्रमुख नदियों, झीलों और पार्कों में योग सत्र के साथ-साथ स्वच्छता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे.

योगाभ्यास की फोटो भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड करने के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में आयुष विभाग की बैठक में कहा कि योग सिर्फ एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह जीवन का एक तरीका है जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बढ़ाता है. उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से हम अपनी जीवनशैली में सुधार कर सकते हैं, बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ा सकते हैं और समाज में समरसता एवं शांति स्थापित कर सकते हैं. ऐसे में योगी सरकार ने प्रदेश के हर जिले तक योग की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारी की है और इसके लिए प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों की भी व्यवस्था की गई है.

योग सप्ताह के अंतिम दिन 21 जून को पुरस्कार वितरण एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा. इसके अलावा 1 जून से आयुष चिकित्सकों एवं योग विशेषज्ञों द्वारा टीवी और दूरदर्शन पर जागरूकता कार्यक्रम भी प्रसारित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लक्षण और प्रबंधन पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी. साथ ही लोगों को व्यक्तिगत एवं सामूहिक योगाभ्यास की फोटो भारत सरकार के mygov पोर्टल पर प्रतिदिन अपलोड करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital