Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

23 मार्च को भोपाल में होगी यूथ महापंचायत, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम के स्वरूप पर अधिकारियों से की चर्चा

भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 23 मार्च को दोपहर 1 बजे से 2.30 बजे की अवधि में होने वाली यूथ महापंचायत में 17 से 35 वर्ष आयु के युवा प्रतिभागी एकत्र होंगे.

shivraj-singh

एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यूथ महापंचायत को युवाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने के लिए विभाग आवश्यक तैयारी करें. राज्य की नई युवा नीति आगामी 23 मार्च को सामने आएगी. नीति युवाओं के कल्याण की दृष्टि से महत्वपूर्ण सिद्ध होगी. मुख्यमंत्री चौहान आज विधानसभा समिति कक्ष में भोपाल में 23 मार्च को होने वाले विशाल युवा समागम यूथ महापंचायत के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे.

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की युवा नीति, युवाओं के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस नीति की विशेषताएँ पूरे देश में पहुँचे और इस पहल की राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो. मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि युवाओं का उत्साहवर्धन आवश्यक है. यूथ महापंचायत में युवा सरपंच और पार्षद भी आमंत्रित किए जाएं. मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी, मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी, मुख्यमंत्री एप्रेंटिसशिप योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी जाए. इन योजनाओं के कुछ हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप लाभान्वित भी किया जाये. संबंधित विभाग युवाओं की अधिकतम भागीदारी के लिए पूरा प्रयत्न करें.

जानकारी दी गई कि भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 23 मार्च को दोपहर 1 बजे से 2.30 बजे की अवधि में होने वाली यूथ महापंचायत में 17 से 35 वर्ष आयु के युवा प्रतिभागी एकत्र होंगे. प्रत्येक जिले से युवाओं की  सहभागिता रहेगी. प्रत्यक्ष भागीदारी के साथ ही लाखों युवा वर्चुअल भागीदारी भी करेंगे. यूथ महापंचायत का सीधा प्रसारण प्रदेश के महाविद्यालय और विश्वविद्यालयों में किया जाएगा. ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय भी इसका प्रसारण करेंगे. इसमें उच्च शिक्षा विभाग की मुख्य भूमिका है.

ये भी पढ़ें: आजादी के “अमृत काल में प्रदेश विकास के आयाम छू रहा है, PM मोदी के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली बना”- CM शिवराज सिंह चौहान

सहयोगी विभागों में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल, ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, चिकित्सा शिक्षा, एम.एस.एम.ई, किसान-कल्याण एवं कृषि विकास, जनसंपर्क, लोक निर्माण, जल संसाधन और पर्यावरण विभाग शामिल हैं. प्रमुख सहयोगी संस्थाओं में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद और नेहरू युवा केन्द्र शामिल हैं. सीएम यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम, सीएम यंग इंटर्नशिप प्रोफेशनल डेवलपमेंट और सीएम कम्यूनिटी लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम से जुड़े युवा भी यूथ महापंचायत में हिस्सा लेंगे.

मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने संबंधित विभागों की भूमिका पर चर्चा की. बताया गया कि यूथ महापंचायत में मध्यप्रदेश माध्यम द्वारा शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव पर केन्द्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन, युवाओं के लिए प्रचलित विभागीय योजनाओं पर केन्द्रित फिल्म और यूथ अचीवर्स के अनुभव भी प्रस्तुत किए जाएंगे. युवा पोर्टल की लांचिंग के साथ राज्य युवा पुरस्कार प्राप्त युवाओं का सम्मान भी किया जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital