Bharat Express DD Free Dish

IPL से पहले CSK को लगा बड़ा झटका… चोट के कारण बाहर हुआ यह खिलाड़ी, कप्तान ऋतुराज की बढ़ी मुश्किलें

IPL 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है. टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले CSK की मुश्किलें और बढ़ गई है. कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के लिए यह बड़ी चुनौती है.

IPL 2026

IPL 2026: आईपीएल 2026 के लिए सभी टिमों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम से होगी. टूर्नामेंट में पांच बार की चैंपियन रही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) काफी चर्चाओं में बनी हुई है. पहले तो भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के जर्सी नंबर को लेकर, फिर अब टीम की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं. हालांकि यह मुश्किल 44 साल के क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के चलते नहीं हुई, बल्कि CSK के डेथ ओवरों की कमान संभालने वाले गेंदबाज को लेकर है.

CSK को लगा बड़ा झटका

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) की शुरुआत से पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार गेंदबाज नाथन एलिस (Nathan Ellis) चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी नाथन एलिस को हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते IPL से दूरी बनानी होगी. CSK के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) काशी विश्वनाथन ने इस बात की जानकारी दी है.

काशी विश्वनाथन ने स्पोर्टस्टार से बातचीत में कहा, “यह हमारे लिए बड़ा झटका है. नाथन एलिस डेथ ओवरों में बेहद अहम गेंदबाज हैं. हम उनके रिप्लेसमेंट पर विचार कर रहे हैं.” नाथन एलिस के टीम में न होने से CSK की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) के लिए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का रिप्लेसमेंट ढूंढना बड़ी चुनौती है.

अब डेथ ओवरों में कौन संभालेगा जिम्मेदारी?

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) पिछले कुछ सीजन में डेथ ओवरों के लिए मथीशा पथिराना पर काफी निर्भर रही थी. लेकिन पिछले साल उनके खराब प्रदर्शन के कारण टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया. ऐसे में एलिस का बाहर होना टीम के लिए और मुश्किल पैदा कर सकता है.

टीम मैनेजमेंट का कहना है कि वेस्ट एशिया के हालात के बावजूद विदेशी खिलाड़ियों के आने पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है. अफगानिस्तान के स्पिनर नूर अहमद टीम से जुड़ चुके हैं, जबकि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेमी ओवर्टन जल्द ही टीम के साथ होंगे. इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस, मैट हेनरी, जकारी फाउलकेस और मैथ्यू शॉर्ट 22 मार्च तक टीम से जुड़ जाएंगे. अकील हुसैन 25 मार्च को टीम में शामिल होंगे.


ये भी पढ़ें: IPL 2026 से पहले टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी का बड़ा खुलासा, शराब से दूरी बनाकर फिटनेस पर फोकस


23 मार्च को इंट्रा-स्क्वॉड मैच

भारत के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन भी गुरुवार को चेन्नई पहुंच चुके हैं और उन्होंने प्री-सीजन कैंप जॉइन कर लिया है. CSK ने उन्हें आईपीएल 2026 के लिए ऑक्शन से पहले ट्रेड के जरिए राजस्थान रॉयल्स से अपनी टीम में शामिल किया था.

टीम 1 मार्च से ही चेन्नई में ट्रेनिंग कर रही है. शुरुआत में खिलाड़ियों ने हाई परफॉर्मेंस सेंटर में अभ्यास किया, और अब वे एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में तैयारी कर रहे हैं. 23 मार्च को टीम के बीच एक इंट्रा-स्क्वॉड मैच भी हो सकता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read