Bharat Express DD Free Dish

IPL 2026 से पहले टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी का बड़ा खुलासा, शराब से दूरी बनाकर फिटनेस पर फोकस

IPL 2026 की शुरुआत से पहले भारत के एक क्रिकेटर ने बड़ा बयान दिया है. इस खिलाड़ी ने बताया कि उसने शराब पीना पूरी तरह छोड़ दिया है. उसका कहना है कि अब वह अपनी फिटनेस पर खास ध्यान देना चाहता है और उसका लक्ष्य है कि टीम को चैंपियन बनाया जाए.

IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है. दो महीने तक चलने वाली इस लीग में खिलाड़ियों के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता. फिटनेस और फॉर्म बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है. इसी वजह से भारत के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने एक बड़ा कदम उठाया है.

चहल का खुलासा

चहल ने पूर्व दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने शराब पीना पूरी तरह छोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि अब वह 35 साल के हो गए हैं और चाहते हैं कि मैदान पर अपनी टीम को 150% योगदान दें. चहल का कहना है कि एक सीनियर खिलाड़ी होने के नाते वह चाहते हैं कि युवा उनसे कुछ सीखें.

पंजाब किंग्स के लिए खेलेंगे

चहल इस सीजन में पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा हैं. पिछले साल उनकी टीम फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 6 रन से हार गई थी. चहल आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, लेकिन अभी तक खिताब जीतने का सपना पूरा नहीं कर पाए हैं.

चोटों की वजह से निराशा

चहल ने यह भी बताया कि आईपीएल 2025 का फाइनल उनके लिए मुश्किल रहा. उन्होंने कहा कि टीम को मार्को यानसन की कमी खली, क्योंकि वह साउथ अफ्रीका की टीम से जुड़ने के लिए जल्दी रवाना हो गए थे. इसके अलावा चहल खुद भी पूरी तरह फिट नहीं थे. केकेआर के खिलाफ मैच के बाद उनकी पसली में फ्रैक्चर हो गया था और उंगली में भी चोट लगी थी. इसी वजह से वह फाइनल में अपनी असली लेग-स्पिन गेंदबाजी नहीं कर पाए.

ये भी पढ़ें-पैट कमिंस नहीं, अभिषेक शर्मा नहीं… इस धुरंधर को मिली SRH की कप्तानी! टीम मैनेजमेंट ने दिया सरप्राइज

चहल का मानना है कि अब फिटनेस ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है. शराब छोड़ने और शरीर पर ध्यान देने का उनका फैसला इस बात का संकेत है कि वह आईपीएल 2026 में अपनी टीम को चैंपियन बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read