Bharat Express DD Free Dish

GT vs RCB: फंसा है प्लेऑफ का पेंच, क्या गिल की टाइटन्स रोक पाएगी बेंगलुरु की रफ्तार?

GT vs RCB: आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अहम मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा. जहां RCB मजबूत स्थिति में है, वहीं GT के लिए यह मैच प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए बेहद जरूरी है.

GT vs RCB, IPL 2026

GT vs RCB, IPL 2026

GT vs RCB: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 42वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. गुरुवार (30 अप्रैल) को होने वाले मुकाबले में एक तरफ होगी इस साल की सबसे बेहतरीन टीमों में से एक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तो दूसरी तरफ है गुजरात टाइटंस. यह मैच GT के काफी अहम माना जा रहा है. क्योंकि अगर GT ने इस मैच में हार का सामना किया तो गुजरात की टीम के लिए प्लेऑफ में जाना मुश्किल होगा. आइए समझते हैं प्लेऑफ का पूरा गणित.

RCB का पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर

आरसीबी इस समय शानदार प्रदर्शन कर रही है और पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है. टीम ने अब तक 8 में से 6 मैच जीते हैं, जिससे उसकी स्थिति मजबूत बनी हुई है. टीम के बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) बेहतरीन फॉर्म में हैं और लगातार रन बना रहे हैं. खासकर अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ उनका रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है. टीम का नेट रन रेट +1.919 है, जो दिखाता है कि वे सिर्फ जीत ही नहीं रहे, बल्कि बड़े अंतर से मुकाबले अपने नाम कर रहे हैं. वहीं, जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी भी काफी असरदार साबित हो रही है, जिससे विरोधी बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल हो रहा है.

गुजरात टाइटंस की सबसे बड़ी मुश्किल?

Gujarat Titans के लिए इस समय सबसे बड़ी परेशानी उनका प्रदर्शन संतुलित न होना है. टीम फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और टॉप-4 से ज्यादा दूर भी नहीं है. उन्होंने 8 मैचों में 4 जीते हैं और 4 हारे हैं, जिससे उनके पास 8 अंक हैं. सबसे बड़ा मुद्दा उनका नेट रन रेट (-0.475) है, जो काफी कमजोर है. ऐसे में उन्हें सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से मैच जीतने होंगे ताकि यह आंकड़ा सुधर सके. बल्लेबाजी में टीम काफी हद तक शुभमन गिल (Shubman Gill), साई सुदर्शन (Sai Sudharsan) और जॉस बटलर (Jos Buttler) पर निर्भर है. अगर ये खिलाड़ी जल्दी आउट हो जाएं, तो टीम दबाव में आ जाती है.

आईपीएल 2026 में लीग स्टेज के बाद टॉप-4 टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी. हर टीम 14 मैच खेलती है और आम तौर पर 16 अंक प्लेऑफ के लिए सुरक्षित माने जाते हैं, जबकि 14 अंकों पर नेट रन रेट अहम हो जाता है. इसलिए गुजरात के लिए आगे के मैच जीतना और बेहतर प्रदर्शन करना बहुत जरूरी है.

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium Pitch Report) की पिच आम तौर पर बल्लेबाजी के लिए ठीक मानी जाती है, लेकिन यह पूरी तरह से आसान नहीं रहती. यहां बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका मिलता है, फिर भी गेंदबाजों को भी मदद मिल सकती है. पिछले साल इसी मैदान पर आईपीएल फाइनल खेला गया था, जहां RCB ने 190 रन का स्कोर सफलतापूर्वक बचाया था. इस सीजन में अब तक यहां एक ही मैच हुआ है, जिसमें KKR 180 रन पर आउट हो गई थी. इसके बाद GT ने लक्ष्य को आसानी से 5 विकेट रहते हासिल कर लिया था.


ये भी पढ़ें: कब होगा महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान? पाकिस्तान से भिड़ंत के साथ होगा आगाज


दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 (GT vs RCB Playing 11)

गुजरात टाइटंस की प्लेइंग 11 (GT Playing 11): साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुतार, प्रसिद्ध कृष्णा.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग 11 (RCB Playing 11): विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रसीख सलाम डार, सुयश शर्मा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read