IPL 2026 के 12वें मुकाबले में सोमवार को इंद्रदेव की मेहरबानी पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) पर जमकर बरसी. ईडन गार्डन्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला गया यह मैच बारिश के कारण रद्द करना पड़ा, जिससे दोनों टीमों को एक-एक अंक बांटना पड़ा. इस एक अंक की बदौलत पंजाब किंग्स अब आईपीएल 2026 की अंक तालिका में पहले पायदान पर पहुंच गई है, जबकि केकेआर ने हार के सिलसिले को तोड़ते हुए अपना खाता खोल लिया है.
ईडन में बारिश का साया
मैच की बात करें तो केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. सलामी बल्लेबाज फिन एलन महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
वहीं, कैमरून ग्रीन का खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रहा और वह सिर्फ 4 रन ही बना सके. महज 3.2 ओवर में केकेआर ने 25 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे और पंजाब के गेंदबाज मैच पर हावी नजर आ रहे थे. इसी बीच मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जो तीन घंटे तक नहीं थमी. अंततः अंपायर्स ने गीले मैदान के चलते मैच रद्द करने का फैसला सुनाया.
अंक तालिका का गणित
पंजाब किंग्स के अब 3 मैचों में 5 अंक हो गए हैं, जिससे श्रेयस अय्यर की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को पीछे छोड़कर नंबर-1 बन गई है. आरसीबी अब 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स भी 4-4 अंकों के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर काबिज हैं. केकेआर को इस मैच से मिले एक अंक ने उसे 8वें स्थान पर पहुंचा दिया है, जिससे उसने अपना खाता खोल लिया है.
इन टीमों को अब भी है पहली जीत की तलाश
जहां पंजाब और आरसीबी जीत की पटरी पर दौड़ रहे हैं, वहीं पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और गुजरात टाइटंस के लिए यह सीजन अब तक किसी दुःस्वप्न जैसा रहा है. चेन्नई सुपर किंग्स अपने शुरुआती दोनों मैच हारकर अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर है. वहीं, शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस भी दो हार के साथ 9वें पायदान पर संघर्ष कर रही है. मुंबई इंडियंस छठे और लखनऊ सुपरजायंट्स सातवें नंबर पर मौजूद हैं.
ये भी पढ़ें: IPL 2026: CSK की हार के बीच सरफराज छाए, किंग कोहली ने मैदान पर दिया खास रिएक्शन, VIDEO हुआ वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

