Bharat Express DD Free Dish

पैट कमिंस नहीं, अभिषेक शर्मा नहीं… इस धुरंधर को मिली SRH की कप्तानी! टीम मैनेजमेंट ने दिया सरप्राइज

IPL 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने बड़ा फैसला लेते हुए पैट कमिंस को आराम दिया है और उनकी जगह इस खिलाड़ी को स्टैंड-इन कप्तान बनाया है.

SRH Captain Ishan Kishan

IPL 2026: आईपीएल 2026 के सभी टीमें अपनी रणनीति के साथ तैयारियों में जुटी हुई हैं. इस बीच बुधवार (18 मार्च) को सैनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने अपने कप्तान को लेकर बड़ा फैसला लिया. टीम ने पुराने कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) को आराम देते हुए इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) को नई जिम्मेदारी सौंपी और उन्हें टीम का स्टैंड-इन कैप्टन बनाया है.

बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर पैट कमिंस पिछेल 2 साल से हैदराबाद के लिए कप्तानी कर रहे थे. हालांकि टीम ने कमिंस की लोअर बैक की चोट के चलते उन्हें आराम दिया है. इस के कारण पैट कमिंस IPL टूर्नामेंट के शुरुआती मैच नहीं खेलेंगे.

अभिषेक शर्मा होंगे उपकप्तान (Abhishek Sharma vice captain SRH)

सैनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन के साथ टीम के आक्रामक ओपनर अभिषेक शर्मा को उपकप्तान बनाया है. हाल ही में हुए आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में ईशान किशन ने बल्ले से जो योगदान भारतीय टीम के लिए दिया, वह काबिल-ए-तारीफ है. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 317 रन बनाए, जबकि उनका स्टाइक रेट 200 के करीब था और पावरप्ले में भी शानदार प्रदर्शन किया. इसलिए सैनराइजर्स हैदराबाद की टीम को भी उम्मीद है कि ईशान उसी फॉर्म को बरकरार रखेंगे, जिससे टीम को IPL में फायदा होगा.

दूसरे सीजन में मिली कप्तानी (Ishan Kishan SRH Captain)

आईपीएल 2026 में ईशान किशन के करियर का एक नया और अहम अध्याय शुरू होने जा रहा है. यह उनका सनराइजर्स हैदराबाद के साथ दूसरा ही सीजन होगा, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा जताते हुए कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी है. इतनी जल्दी यह भूमिका मिलना इस बात का संकेत है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें भविष्य का लीडर मानता है.

किशन को यह मौका उनकी हालिया कप्तानी सफलता के कारण मिला है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने झारखंड टीम का नेतृत्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और टीम को खिताब दिलाया. उनकी आक्रामक सोच और बेहतर रणनीति ने उन्हें एक कप्तान के रूप में स्थापित किया.


ये भी पढ़ें: क्या धोनी नंबर 7 की जर्सी को कहेंगे अलविदा? सोशल मीडिया पोस्ट से फैंस में बढ़ी बेचैनी


खराब दौर के बाद शानदार ‘ईशान’

ईशान किशन सफर आसान नहीं रहा. 2022 के अंत में वे भारतीय टीम से बाहर हो गए थे और घरेलू क्रिकेट से दूरी के कारण उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म हो गया था. इस दौर में उनके करियर पर सवाल उठे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर किशन ने शानदार वापसी की और अब कप्तान के रूप में नई जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read