Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में रक्तदान शिविर; मुख्य न्यायाधीश ने खुद किया डोनेट, एक दिन में एकत्र हुए 80 यूनिट रक्त

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में आयोजित रक्तदान शिविर में HBCH&RC पंजाब ने 80 यूनिट रक्त एकत्र किया. मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्रा ने भी रक्तदान कर लोगों को इस नेक पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया.

चंडीगढ़: किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए आपका दिया हुआ थोड़ा-सा खून भी बेहद अहम साबित हो सकता है. इसी सोच के साथ पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में गुरुवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में कुल 80 यूनिट रक्त एकत्र किया गया. इस पहल में हाई कोर्ट के न्यायाधीशों, वकीलों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

इस मौके पर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्रा और होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (HBCH&RC), पंजाब के निदेशक डॉ. आशिष गुलिया भी मौजूद रहे. खास बात यह रही कि मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मिश्रा ने खुद भी रक्तदान किया और अन्य लोगों को इस सामाजिक जिम्मेदारी में आगे आने के लिए प्रेरित किया.

कई संस्थाएं साथ आईं

यह रक्तदान अभियान पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने HBCH&RC पंजाब, PGIMER चंडीगढ़, GMSH-16 और श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकुला के सहयोग से आयोजित किया था. आयोजन का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में योगदान देना था.

शिविर में बड़ी संख्या में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और हाई कोर्ट के कर्मचारियों ने रक्तदान किया. इस तरह न्यायिक परिसर में आयोजित यह अभियान सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का भी माध्यम बना.

कैंसर मरीजों के इलाज में रक्त की बड़ी जरूरत

HBCH&RC के निदेशक डॉ. आशिष गुलिया ने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की. उन्होंने बताया कि वह खुद 18 वर्ष की उम्र से रक्तदान करते आ रहे हैं. उनके मुताबिक, स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान एक सुरक्षित प्रक्रिया है और किसी जरूरतमंद की मदद करने का यह सबसे आसान तरीकों में से एक है.

डॉ. गुलिया ने खास तौर पर कैंसर मरीजों के इलाज में रक्त की जरूरत का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कैंसर के उपचार के दौरान कई बार बड़ी मात्रा में रक्त की आवश्यकता पड़ती है. ऐसे में नियमित स्वैच्छिक रक्तदान बेहद जरूरी हो जाता है.

उन्होंने लोगों से अपील की कि जो भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान करने के लिए आगे आना चाहता है, वह HBCH&RC, न्यू चंडीगढ़ में भी रक्तदान कर सकता है. उनका कहना था कि रक्त की हर एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए बड़ा फर्क पैदा कर सकती है.

यह भी पढ़ें: लालू परिवार की बढ़ी मुश्किलें, IRCTC घोटाला केस में कोर्ट ने तय किए आरोप; 3 अक्टूबर को अगली सुनवाई

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital