SDRF Rajasthan Training
SDRF Rajasthan Training: राज्य आपदा प्रतिसाद बल (SDRF) राजस्थान द्वारा संचालित सात दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार को एनसीसी कॉम्पलेक्स, जेएलएन मार्ग स्थित गांधी नगर में जनजागरूकता कार्यक्रम, लाइव रेस्क्यू डेमो और आधुनिक राहत उपकरणों की प्रदर्शनी आयोजित की गई. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव कार्यों के प्रति प्रशिक्षित एवं जागरूक बनाना था.
कार्यक्रम में 1 राजस्थान आर्म्ड स्क्वाड्रन एनसीसी के 57 स्वयंसेवकों ने भाग लिया, जो वर्तमान में SDRF से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (RAC एवं SDRF) रूपिन्दर सिंह ने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित युवा प्रथम प्रतिक्रिया दल की महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. वहीं डिप्टी डायरेक्टर जनरल NCC एयर कॉमोडोर सम्पत कुमार आनंद ने कैडेट्स की सामाजिक जिम्मेदारियों और आपदा प्रबंधन में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला.
ऊंचाई पर फंसे लोगों को बचाने के सिखे गुर
SDRF की विशेषज्ञ टीम ने रोप रेस्क्यू डेमो के जरिए ऊंचाई पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और विभिन्न आपदाओं में राहत-बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया. हार्ट अटैक, सड़क दुर्घटना, बाढ़ और गैस सिलेंडर में आग जैसी आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार और शुरुआती बचाव के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए.
SDRF ने प्रदर्शनी का भी किया आयोजन
कार्यक्रम में SDRF के आधुनिक राहत एवं बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही. कमांडेंट SDRF राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बल की कार्यप्रणाली और राज्य में निभाई जा रही भूमिका की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया.
कार्यक्रम में एनसीसी के अधिकारी, जवान, 326 कैडेट्स तथा जयपुर ग्रुप कैंप की विभिन्न इकाइयों से आए 82 अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


