Mahadev App Case CBI Raid: बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने देशभर में अपना शिकंजा कस दिया है. ओमान से प्रत्यर्पित किए गए चंद्राकर से पूछताछ के दौरान उगले गए बड़े राजों के आधार पर सीबीआई ने 6 राज्यों के कुल 33 ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की है.
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान दिल्ली, मुंबई, रायपुर, अहमदाबाद और भोपाल समेत कई प्रमुख शहरों में चल रहे लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनलों को बंद कराते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए हैं.
दिल्ली से मुंबई और रायपुर तक 33 ठिकानों पर सीबीआई की रेड
सीबीआई की टीमों ने महादेव ऐप के खिलाफ दर्ज दो अलग-अलग एफआईआर की जांच को आगे बढ़ाते हुए छह राज्यों के कई शहरों में दबिश दी. इस सर्च ऑपरेशन में अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर के ठिकाने शामिल रहे. छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को कई स्थानों पर अवैध तरीके से लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते हुए मिले, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सील और बंद करा दिया गया है.
विदेश से चलता था मुख्यालय
सौरभ चंद्राकर से हुई गहन पूछताछ में महादेव ऐप के पूरे सिंडिकेट की परतें खुलकर सामने आ गई हैं. जांच में पता चला है कि इस ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का मुख्य मुख्यालय विदेश में बैठकर संचालित किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों का एक बेहद मजबूत जाल फैला हुआ था.
ये पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाने, आम लोगों के नाम पर खुलवाए गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों में सट्टेबाजी की मोटी रकम जमा कराने और फिर हवाला के जरिए पूरा मुनाफा विदेश भेजने का काम करते थे.
सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक जेल
ओमान से भारत लाए जाने के बाद रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था, जहां उससे पूरे नेटवर्क के बारे में अहम जानकारियां जुटाई गईं. 12 नवंबर को पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद उसे फिर से अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. इसके साथ ही सीबीआई अब विदेश में छिपे अन्य फरार आरोपियों के प्रत्यर्पण और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


