Red Fort Blast Case: दिल्ली के लाल किला ब्लास्ट मामले में एनआईए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. यह चार्जशीट पटियाला हाउस कोर्ट में पेश की गई, जिसमें 10 आरोपियों के नाम दर्ज हैं.
धमाके में हुई थी तबाही
10 नवंबर 2025 को हुए इस विस्फोट में 11 लोगों की जान गई थी और कई लोग घायल हुए थे. धमाके से आसपास की संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुँचा था.
मुख्य आरोपी और संगठन से जुड़ाव
चार्जशीट में डॉक्टर उमर उन नबी को मुख्य आरोपी बताया गया है. एनआईए के अनुसार सभी आरोपी आतंकी संगठनों अंसार गजवत-उल-हिंद और अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट से जुड़े थे. गृह मंत्रालय ने AQIS को जून 2018 में आतंकी संगठन घोषित किया था.
कई कानूनों के तहत आरोप
आरोपियों पर यूएपीए, भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. जांच में सामने आया कि कुछ आरोपी मेडिकल प्रोफेशनल थे जो कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित थे.
गुप्त बैठक और साजिश
एनआईए ने बताया कि 2022 में श्रीनगर में हुई गुप्त बैठक में आरोपियों ने ‘AGuH Interim’ नाम से संगठन को फिर सक्रिय किया. इसके तहत ‘ऑपरेशन हेवेनली हिंद’ चलाकर भारत सरकार को गिराने और शरिया शासन लागू करने की योजना बनाई गई थी.
हथियार और विस्फोटक का जखीरा
जांच में पता चला कि धमाके में टीएटीपी विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ, जिसे आरोपियों ने खुद तैयार किया था. उन्होंने AK-47, क्रिंकोव राइफल और देसी पिस्तौल जैसे हथियार भी अवैध रूप से जुटाए थे. एनआईए ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी ड्रोन और रॉकेट आधारित आईईडी पर प्रयोग कर रहे थे.
गवाह और सबूत
चार्जशीट में 588 गवाहों के बयान, 395 से ज्यादा दस्तावेज और 200 से अधिक सामग्री शामिल है. अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें-काली कोट में कोर्ट क्यों पहुंची ममता बनर्जी, क्या है पूरा मामला?
चार्जशीट में शामिल नाम
चार्जशीट में डॉक्टर उमर उन नबी के अलावा आमिर राशिद मीर, जासिर बिलाल वानी, डॉक्टर मुजामिल शकील, डॉक्टर आदिल अहमद राथर, डॉक्टर शाहीन सईद, मुफ़्ती इरफान अहमद वागे, सोयब, डॉक्टर बिलाल नसीर मल्ला और यासिर अहमद डार के नाम दर्ज हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




