Bharat Express DD Free Dish

नेशनल अवार्ड विजेता और निर्देशक सुजॉय घोष को ‘कहानी 2’ विवाद में सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

सुजॉय घोष को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने फिल्म ‘कहानी 2’ से जुड़े कथित कॉपीराइट उल्लंघन मामले में झारखंड की अदालत में लंबित आपराधिक कार्यवाही को रद्द कर दिया.

नेशनल अवार्ड विजेता और निर्देशक सुजॉय घोष को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई है. कोर्ट ने निर्माता के खिलाफ चल रहे मामले को रद्द कर दिया है. कोर्ट ने फिल्म ‘कहानी 2’ से जुड़े कथित कॉपीराइट उल्लंघन के मामले में झारखंड के अदालत में लंबित कार्यवाही को रद्द कर दिया है. जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक आराधे की पीठ ने यह फैसला दिया है.

अदालत ने घोष की ओर से दायर याचिका को स्वीकार करते हुए कहा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) द्वारा 7 जून 2018 को पारित समन आदेश और झारखंड हाई कोर्ट द्वारा 22 अप्रैल 2025 को पारित आदेश को रद्द किया जाता है, तथा निरस्त किया जाता है. सुजॉय घोष ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को खारिज करने की मांग की थी. उनके खिलाफ कॉपीराइट और 1957 कि धारा 63 के तहत आपराधिक मुकदमा दायर किया गया था. घोष पर आरोप था कि उनकी फिल्म कहानी 2 ‘दुर्गा रानी सिंह’ चोरी की गई स्क्रिप्ट पर आधारित है. झारखंड हाई कोर्ट ने घोष की ओर से दायर याचिका को खारिज कर दिया था, जिसके बाद घोष ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.

उमेश प्रसाद मेहता ने लगाया स्क्रिप्ट चोरी का आरोप

बता दें कि उमेश प्रसाद मेहता ने घोष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप था कि विद्या बालन अभिनीत फिल्म कहानी 2 की स्क्रिप्ट जो सुपरहिट फिल्म कहानी के सीक्वल के रूप में रिलीज हुई थी, उसने उनकी स्क्रिप्ट “सबक” के कॉपीराइट का उल्लंघन किया. हालांकि घोष ने आरोपों से इनकार कर दिया है. घोष ने दावा किया है कि उन्होंने नवंबर 2012 में कहानी 2 की स्क्रिप्ट लिखना शुरू किया था, और दिसंबर 2013 में स्क्रीन राइटर्स एसोसिएशन के साथ फाइनल कॉपी रजिस्टर्ड की थी. उन्होंने शिकायतकर्ता से मिलने या उनकी स्क्रिप्ट प्राप्त करने से इनकार किया है. जबकि शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी स्क्रिप्ट का उपयोग दिसंबर 2016 में रिलीज हुई फिल्म कहानी 2 बनाने के लिए किया गया. इस फिल्म में विद्या बालन ने मुख्य भूमिका निभाई थी.

कहानी 2 एक बॉलीवुड थ्रिलर फिल्म है. फिल्म वर्ष 2012 में आई फिल्म कहानी का सिकववल है. कहानी 2 2 दिसंबर 2016 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.

ये भी पढ़ें: ऑनर किलिंग के डर से घर से भागे प्रेमी युगल को सुप्रीम कोर्ट ने राहत देने से किया इनकार

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read