फोटो क्रेडिट- भारत एक्सप्रेस
Sleep Wellness Luxury Trend: एक समय था जब लग्जरी का मतलब महंगी कार, डिजाइनर कपड़े या आलीशान घर से लगाया जाता था. अब लाइफस्टाइल की दुनिया में लग्जरी की परिभाषा बदल रही है. आजकल अच्छी और सुकून भरी नींद को भी एक नए तरह के स्टेटस और सेल्फ-केयर से जोड़ा जा रहा है. इसी वजह से ‘स्लीप वेलनेस’ तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
बेडिंग पर बढ़ रहा खर्च
लोग अब अपने बेडरूम को सिर्फ सोने की जगह नहीं, बल्कि आराम और मानसिक सुकून का स्पेस बनाने पर ध्यान दे रहे हैं. प्रीमियम बेडशीट, होटल-जैसे डुवे, मुलायम तकिए, बेहतर मैट्रेस और आरामदायक नाइटवियर जैसी चीजों की मांग बढ़ रही है. सोशल मीडिया पर खूबसूरत और होटल जैसे बेडरूम की तस्वीरें भी इस ट्रेंड को बढ़ावा दे रही हैं.
तनाव और व्यस्त जिंदगी का असर
इस बदलाव के पीछे व्यस्त जीवनशैली और बढ़ता तनाव बड़ी वजह हैं. दिनभर काम, ट्रैफिक, स्क्रीन टाइम और लगातार भागदौड़ के बाद लोग चाहते हैं कि रात का समय उन्हें बेहतर आराम दे. इसलिए बेडिंग खरीदते समय अब सिर्फ डिजाइन नहीं, बल्कि कपड़े की क्वालिटी, आराम जैसे पहलुओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है.
घर में होटल जैसा अनुभव
होटल जैसी बेडिंग का चलन भी इसी सोच का हिस्सा है. सफेद या हल्के रंग की सॉफ्ट चादरें, कई तकिए, हल्के डुवे और गर्म रोशनी वाले बेडरूम को लोग घर में ही लग्जरी होटल जैसा अनुभव देने के लिए अपना रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 60 की उम्र में पाएं वित्तीय आजादी; FD, टैक्स सेविंग्स और ट्रैवल कंसेशन से ऐसे बचाएं लाखों रुपये
सिर्फ महंगे सामान का नाम नहीं
हालांकि स्लीप वेलनेस केवल महंगे प्रोडक्ट खरीदने तक सीमित नहीं है. नियमित समय पर सोना, सोने से पहले स्क्रीन टाइम कम करना, कमरे को शांत और आरामदायक रखना और रात में रिलैक्स करने की आदत बनाना भी इसका अहम हिस्सा है. यानी आज की नई लग्जरी शायद वह नहीं जो दूसरों को दिखाई दे, बल्कि वह है जो रात में आपको सुकून और चैन की नींद दे.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

