Bharat Express DD Free Dish

महाकुंभ में श्रद्धालुओं को ठंड से बचाने के लिए योगी सरकार ने की ये खास व्यवस्था, अलाव के लिए ऑनलाइन उपलब्ध होंगी लकड़ी

महाकुंभ में ठंड के मौसम में श्रद्धालुओं को अलाव के लिए लकड़ी की व्यवस्था करने में आसानी होगी. ऑनलाइन लकड़ी व्यवस्था से श्रद्धालुओं को ठंड से बचाव में मदद मिलेगी.

Mahakumbh

महाकुंभ

महाकुंभनगर: महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को ठंड से बचाने के लिए योगी सरकार ने ऑनलाइन इंतजाम भी किया है. महाकुंभ में देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न आने पाए इसके लिए उत्तर प्रदेश वन निगम ने अलाव की लकड़ी की व्यवस्था को भी ऑनलाइन कर दिया है. अब सभी लकड़ी डिपो को गूगल लोकेशन के जरिए आसानी से ढूंढा जा सकता है. फायरवुड डिपो प्रयागराज टाइप करके इन डिपो का स्थान सर्च किया जा सकता है.

श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

डीएसएम प्रयागराज आरके चांदना ने बताया कि इसके लिए 16 डिपो स्थापित किए गए हैं. लकड़ी की कीमत 600 रुपये प्रति क्विंटल रहेगी. महाकुंभ के दौरान बढ़ती हुई भीड़ और लकड़ी की आपूर्ति की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है.

मोबाइल की नेविगेशन से भी निकटतम डिपो तक आसानी से पहुंच सकेंगे

महाकुंभ क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में अलाव की लकड़ी के लिए कुल 16 डिपो बनाए गए हैं. इनमें से कुछ प्रमुख डिपो सेक्टर 16 में स्थित हैं. यहां पर उत्तर प्रदेश वन निगम उचित मूल्य पर लकड़ी उपलब्ध करा रहा है. इन डिपो का स्थान इंटरनेट पर फायरवुड डिपो कीवर्ड के माध्यम से खोजा जा सकता है. इसके अलावा, मोबाइल फोन की नेविगेशन सुविधा का उपयोग करके कोई भी व्यक्ति निकटतम डिपो तक आसानी से पहुंच सकता है.

27,000 क्विंटल लकड़ी आपूर्ति का इंतजाम

उत्तर प्रदेश वन निगम के अनुसार, महाकुंभ के दौरान लगभग 27,000 क्विंटल लकड़ी की आपूर्ति की तैयारी है. इसके लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न डिपो से लकड़ी भेजी जाएगी. तीर्थयात्रियों को यह लकड़ी निर्धारित दर पर उपलब्ध होगी. महाकुंभ के दौरान सभी डिपो पर लकड़ी की कीमत 600 रुपये प्रति क्विंटल होगी. सरकार की यह पहल न केवल श्रद्धालुओं को सहूलियत देगी, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से इसे और भी आसान और सुगम बनाएगी.

ये भी पढ़ें: Maha Kumbh: चिमटा वाले बाबा का फिर दिखा रौद्र रूप, इस बार यूट्यूबर को मुंह पर मारा थप्पड़

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest