महाकुंभ में मची भगदड़.
मौनी अमावस्या के मौके पर प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में देर रात भगदड़ मच गई, जिसके चलते होने वाले शाही स्नान अब देर से शुरू होंगे. मेला प्रशासन ने स्थिति पर काबू पा लिया है. घटना की जानकारी सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन पर बात करके दी है.
पीएम और गृह मंत्री ने सीएम योगी से की बात
बता दें कि महाकुंभ में मची भगदड़ के बारे में प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हालात की जानकारी ली है और तत्काल मदद के निर्देश दिए हैं. इसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी सीएम योगी से बात कर हालात का जायजा लिया. उन्होंने केंद्र से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.
बैरियर टूटने से हुआ हादसा
यह हादसा रात 2 बजे के करीब हुआ. संगम नोज पर अचानक भगदड़ मच गई, जिसके बाद ये हादसा हुआ. घायलों का इलाज मेला क्षेत्र के सेक्टर 2 में बने केंद्रीय अस्पताल में किया जा रहा है.
थोड़ी देर में स्नान करेंगे अखाड़े
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सभी अखाड़े थोड़ी देर में स्नान करेंगे. अमृत स्नान को रद्द नहीं किया गया है. अभी भीड़ के कम होने का इंतजार किया जा रहा है. भीड़ कम होने पर सभी 13 अखाड़े शाही स्नान करेंगे. मेला जिला अधिकारी विजय किरण मीणा ने कहा है कि सुबह 10 बजे से अखाड़ों का अमृत स्नान शुरू हो जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





