Bharat Express DD Free Dish

Akshay Kumar Birthday: गलती से छूटी फ्लाइट और बदल गई किस्मत, ऐसे बने अक्षय कुमार बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी कुमार’

अक्षय कुमार की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं. बैंकॉक में वेटर की नौकरी से लेकर बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार बनने तक उनका सफर संघर्ष और किस्मत के इत्तेफाक से भरा है. जानिए कैसे एक मिस हुई फ्लाइट ने उनकी किस्मत पलट दी.

Akshay Kumar birthday, Khiladi Kumar, Bollywood Actor
  • नमिता वर्मा

Akshay Kumar Birthday: बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार, अक्षय कुमार आज अपना 58वां जन्मदिन मना रहे हैं. 9 सितंबर 1967 को अमृतसर, पंजाब में जन्मे अक्षय ने अपनी मेहनत और अनुशासन से फिल्म इंडस्ट्री में खास मुकाम बनाया है. इस खास मौके पर उन्होंने एक स्पेशल पोस्ट कर अपने चाहने वालों का आभार जताया, वहीं सोशल मीडिया पर फैंस और सेलिब्रिटीज़ की ओर से उन्हें ढेरों शुभकामनाएं और प्यार मिल रहा है. तो आइए आज आपको एक्टर की कुछ खास तस्वीरों के जरिए उनके अब तक के बॉलीवुड सफर के बारे में कुछ खास और दिलचस्प चीजें बताते हैं.

अक्षय कुमार ने अपने 58वें जन्मदिन पर इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि 58 साल की मेहनत, 34 साल इंडस्ट्री में और 150 से ज्यादा फिल्मों के बावजूद उनका सफर जारी है. उन्होंने उन सभी का धन्यवाद किया जिन्होंने उन पर विश्वास किया, टिकट खरीदी, उन्हें साइन किया, प्रोड्यूस, डायरेक्ट और गाइड किया. अक्षय ने कहा कि यह सफर सिर्फ उनका नहीं बल्कि हर उस व्यक्ति का है जिसने उन्हें सपोर्ट किया और प्रेरित किया. उन्होंने अपने फैंस को अपना सबसे बड़ा सहारा बताते हुए जन्मदिन को उन्हीं के नाम समर्पित किया और अपने जीवन के काम को संजोने के लिए राहुल नंदा का विशेष धन्यवाद किया. यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उन्हें बर्थडे विश कर रहे हैं.

गलती से छूटी एक फ्लाइट ने अक्षय कुमार की जिंदगी की दिशा ही बदल दी और उन्हें बना दिया बॉलीवुड का खिलाड़ी। अक्षय कुमार की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं लगती. अमृतसर की गलियों से निकलकर दिल्ली और फिर मुंबई तक का उनका सफर संघर्ष, मेहनत और किस्मत के अद्भुत मेल से भरा हुआ है. एक समय ऐसा भी आया जब एक सुबह उनकी फ्लाइट छूट गई, और उसी दिन उन्हें अपनी पहली बड़ी फिल्म दीदार का मौका मिला. यही वह पल था जिसने उनकी किस्मत पलट दी और उन्हें फिल्मों की दुनिया में कदम रखने का मौका दिया. आज वही लड़का पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुका है.

 अक्षय कुमार का असली नाम राजीव हरिओम भाटिया है. उनके पिता भारतीय सेना में थे, जिससे उन्हें बचपन से अनुशासन की सीख मिली. परिवार पहले दिल्ली और फिर मुंबई आ गया, जहां उन्होंने डॉन बॉस्को स्कूल और खालसा कॉलेज में पढ़ाई की. पढ़ाई से ज्यादा उनका रुझान मार्शल आर्ट्स में था. आठवीं से ताइक्वांडो सीखा और फिर बैंकॉक जाकर मय थाई की ट्रेनिंग ली, साथ ही होटल में शेफ और वेटर की नौकरी भी की. लौटकर उन्होंने मुंबई में मार्शल आर्ट्स सिखाना शुरू किया. यहीं एक फोटोग्राफर छात्र ने उन्हें मॉडलिंग की सलाह दी पर उन्हैं शुरुआत में सफलता नहीं मिली, लेकिन फोटोग्राफर के साथ 15 महीने तक फ्री में काम करने के बाद छोटे-मोटे प्रोजेक्ट्स मिलने लगे और यहीं से एक्टिंग का रास्ता खुला.

1987 में अक्षय कुमार को महेश भट्ट की फिल्म आज में एक छोटा सा रोल मिला, जिसमें वे मार्शल आर्ट्स इंस्ट्रक्टर बने थे. यह रोल सिर्फ 17 सेकंड का था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार ऑडिशन देते रहे. 1992 में जो जीता वही सिकंदर के लिए भी उन्होंने ऑडिशन दिया, मगर वह रोल उन्हें नहीं मिला और बाद में यह फिल्म आमिर खान ने की, जो सुपरहिट रही. किस्मत ने अक्षय के लिए इससे भी बड़ा रास्ता तय कर रखा था.

Akshay Kumar Birthday: अक्षय कुमार ने 1991 में फिल्म सौगंध से डेब्यू किया, लेकिन असली पहचान उन्हें 1992 की खिलाड़ी से मिली. इसके बाद खिलाड़ी उनके नाम के साथ जुड़ गया और मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी, सबसे बड़ा खिलाड़ी, खिलाड़ियों का खिलाड़ी, इंटरनेशनल खिलाड़ी, खिलाड़ी 420 और खिलाड़ी 786 जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड का खिलाड़ी कुमार बना दिया. एक्शन से करियर शुरू करने के बाद उन्होंने कॉमेडी में भी अपना लोहा मनवाया, जैसे हेरा फेरी, गरम मसाला, फिर हेरा फेरी, भागमभाग और भूल भुलैया. वहीं, एयरलिफ्ट, रुस्तम, टॉयलेट: एक प्रेम कथा और पैडमैन जैसी फिल्मों ने उनकी छवि एक बहुमुखी और सामाजिक मुद्दों से जुड़े जिम्मेदार कलाकार के रूप में मजबूत की.

Akshay Kumar Birthday: अक्षय कुमार न सिर्फ अपने अभिनय के लिए बल्कि अनुशासित जीवनशैली और प्रोफेशनल रवैये के लिए भी जाने जाते हैं. राष्ट्रीय पुरस्कार और पद्मश्री जैसे सम्मान पाने वाले अक्षय आज भी लगातार नई फिल्मों के साथ सक्रिय हैं. आने वाले समय में वे जॉली एलएलबी 3, भूत बंगला, हेरा फेरी 3 और वेलकम टू द जंगल जैसी फिल्मों में नजर आएंगे, जिससे साफ है कि उनकी रफ्तार अभी भी थमी नहीं है और वह आज भी लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं.

ये भी देखें- रामायण का खुलासा जाने दारा सिंह को हनुमान बनाने में क्यों लगते थे 4 घंटे, क्या था मेकअप का राज?

Also Follow Bharat Express on Instagram 

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read