Char Dham Yatra Online Registration: अगर आप भी इस साल बाबा केदार के दर्शन करने या बदरी विशाल की गोद में जाने का मन बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए सबसे जरूरी है. चारधाम यात्रा-2026 का बिगुल बज चुका है और आज यानी शुक्रवार, 6 मार्च की सुबह 7 बजे से श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की खिड़की खुल गई है. उत्तराखंड सरकार ने इस बार भी यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पंजीकरण को अनिवार्य रखा है, ताकि भक्तों को रास्ते में भीड़ या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े.
रजिस्ट्रेशन कैसे करें? यहां है पूरी डिटेल
देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने साफ किया है कि इस बार भी यात्रियों की सुविधा के लिए कई विकल्प दिए गए हैं. आप घर बैठे आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर अपना स्लॉट बुक कर सकते हैं.
अगर आप वेबसाइट चलाने में उतने सहज नहीं हैं, तो घबराइए मत! ‘Tourist Care Uttarakhand’ नाम का मोबाइल ऐप भी है, जिसे डाउनलोड करके आप चुटकियों में अपनी बुकिंग पक्की कर सकते हैं. भारतीय यात्रियों के लिए आधार कार्ड जरूरी होगा, वहीं विदेश से आने वाले श्रद्धालु अपनी ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- शुक्रवार का पंचांग: संकष्टी चतुर्थी पर गणपति की कृपा, पूरे दिन भद्रा-राहुकाल का चक्रव्यूह; जानें सही मुहूर्त
कब खुलेंगे किस धाम के कपाट?
यात्रा की शुरुआत अप्रैल के महीने से हो रही है. इस बार सबसे पहले 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे. इसके ठीक तीन दिन बाद यानी 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ के दर्शन शुरू होंगे और 23 अप्रैल को भगवान बदरीनाथ के द्वार खुल जाएंगे. हालांकि, हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा, क्योंकि वहां के कपाट खुलने की तारीख का ऐलान अभी बाकी है.
अगर आधार कार्ड नहीं है, तो क्या करें?
बहुत से लोगों को चिंता रहती है कि उनके पास आधार नहीं है या वे ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर सकते. ऐसे लोगों के लिए 17 अप्रैल से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू हो रही है. इसके लिए ऋषिकेश का ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार का ऋषिकुल ग्राउंड और देहरादून का विकासनगर सेंटर तैयार किया जा रहा है. साथ ही, अगर आपको यात्रा से जुड़ी कोई भी कन्फ्यूजन हो, तो आप टोल-फ्री नंबर 0135-1364 पर 24 घंटे कभी भी कॉल कर सकते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


