Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

सीतामढ़ी में मां जानकी के भव्य मंदिर का डिजाइन आया सामने, सीएम नीतीश कुमार ने किया शेयर

 बिहार के पुनौराधाम के विकास के लिए नीतीश कुमार सरकार तेज गति से कार्य कर रही है.

SITAMADHI MANDIR

SITAMADHI MANDIR

बिहार के पुनौराधाम के विकास के लिए नीतीश कुमार सरकार तेज गति से कार्य कर रही है. पिछले साल नवंबर में बिहार कैबिनेट की बैठक में सीतामढ़ी के पुनौराधाम मंदिर के आसपास पर्यटकीय विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए 50.50 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए 120 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी.

इसी बीच रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम को समग्र रूप से विकसित किए जाने से जुड़े भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं के डिजाइन के तैयार होने की जानकारी दी.

उन्होंने यह भी कहा कि पुनौराधाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण हम सभी बिहारवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि माता सीता के मंदिर निर्माण के लिए एक ट्रस्ट का भी गठन किया गया है.

पुनौराधाम के विकास के लिए सरकार की तेज़ रफ्तार

सीएम नीतीश कुमार ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, ”मुझे बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित किए जाने हेतु भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं का डिजाइन अब तैयार हो गया है, जिसे आपके साथ साझा किया जा रहा है.”

उन्होंने आगे ट्रस्ट के गठन की जानकारी देते हुए लिखा, ”इसके लिए एक ट्रस्ट का भी गठन कर दिया गया है ताकि निर्माण कार्य में तेजी आ सके. हमलोग पुनौराधाम, सीतामढ़ी में भव्य मंदिर निर्माण शीघ्र पूरा कराने हेतु कृतसंकल्पित हैं. पुनौराधाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण हम सभी बिहारवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है.”

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी जताई श्रद्धा

वहीं, भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लिखा, ”सनातन संस्कृति की धरा पर, भव्य जानकी धाम का नवसृजन! मां जानकी की पुण्य जन्मस्थली पुनौराधाम (सीतामढ़ी) को एक विशिष्ट धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त हो चुका है. हर्ष और श्रद्धा के साथ सूचित कर रहा हूं कि यहां भव्य जानकी मंदिर सहित कई संरचनाओं का डिजाइन अब तैयार हो चुका है. इसके लिए एक ट्रस्ट का गठन भी कर दिया गया है ताकि कार्य सुचारु व तीव्र गति से आगे बढ़े. यह प्रयास न केवल स्थानीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह सनातन धर्म की गौरवमयी परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है. पुनौराधाम में भव्य जानकी मंदिर का निर्माण हर सनातनी के लिए गर्व और आस्था का विषय है. यह धाम आने वाली पीढ़ियों को हमारी संस्कृति, मर्यादा और धर्म की अमूल्य धरोहर से जोड़ने का कार्य करेगा.”

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर तस्वीरें साझा कर कहा – शीघ्र पूरा होगा मंदिर का निर्माण

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पोस्ट में फोटो शेयर करते हुए लिखा, ”बिहारवासियों के लिए बेहद गर्व और प्रसन्नता की बात है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित किए जाने हेतु भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं का डिजाइन अब तैयार हो गया है. इसके लिए एक ट्रस्ट का भी गठन कर दिया गया है ताकि निर्माण कार्य में तेजी आ सके. पुनौराधाम, सीतामढ़ी में भव्य मंदिर निर्माण शीघ्र पूरा कराने हेतु कृतसंकल्पित हैं. पुनौराधाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य जल्द ही साकार होगा.”


ये भी पढ़ेंः Aaj Ka Panchang 22 June: द्वादशी तिथि पर पड़ रहा योगिनी एकादशी और सूर्य व्रत, जानें शुभ-अशुभ मुहूर्त व चंद्रबल


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital