Bharat Express DD Free Dish

ICC Champions Trophy 2025: कराची में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला, बारिश डाल सकती है खलल

ICC Champions Trophy 2025 में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच कराची में मुकाबला होगा, जिसमें दोनों टीमें जीत के साथ शुरुआत करने की कोशिश में होंगी.

Afghanistan vs South Africa

ICC Champions Trophy 2025 में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुक्रवार को कराची में रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा. यह टूर्नामेंट का तीसरा और ग्रुप-बी का पहला मैच होगा. दोनों टीमें जीत के साथ शुरुआत करने की कोशिश करेंगी, लेकिन मौसम इस मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकता है. पाकिस्तान मौसम विभाग (PMD) ने कराची में हल्की बारिश की संभावना जताई है.

अफगानिस्तान की टीम पिछले कुछ सालों में शानदार प्रदर्शन कर रही है. वनडे वर्ल्ड कप 2023 और टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में उन्होंने बड़ी टीमों को हराकर सभी को चौंका दिया था. दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका की टीम भी लगातार मजबूत होती जा रही है और उन्होंने हाल के आईसीसी टूर्नामेंट्स में अच्छा प्रदर्शन किया है. ऐसे में यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है.

अफगानिस्तान की कमान हशमतुल्लाह शाहिदी संभाल रहे हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीकी टीम के कप्तान तेम्बा बावुमा होंगे.

अफगानिस्तान के प्रमुख खिलाड़ी

बल्लेबाज: रहमत शाह, इकराम अलीखिल, इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज
गेंदबाज: राशिद खान, फजल हक फारूकी, अजमतुल्लाह ओमरजई

दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख खिलाड़ी

बल्लेबाज: तेम्बा बावुमा, टोनी डी जोर्जी, रासी वान डर डुसेन, एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर
गेंदबाज: कगिसो रबाडा, केशव महाराज, मार्को जेनसेन

अब तक के आंकड़े

वनडे क्रिकेट में अब तक अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मुकाबले हुए हैं. इनमें से अफगानिस्तान ने दो और दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैच जीते हैं. दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला सितंबर 2024 में हुआ था, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी.

पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल

कराची के नेशनल स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है. हालांकि, हाल के मुकाबलों में यहां तेज गेंदबाजों और स्पिनरों को भी मदद मिली है. इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 247 रन है, जबकि सबसे ज्यादा स्कोर 374 रन (भारत, 2008) रहा है.

मौसम की बात करें तो पूरे दिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है. तापमान 18 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, लेकिन उमस ज्यादा नहीं होगी, जिससे खिलाड़ियों को राहत मिलेगी.

दोनों टीमों का पूरा स्क्वाड

अफगानिस्तान टीम: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, इकराम अलीखिल, इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सदिकुल्लाह अटल, राशिद खान, नांग्याल खरोती, नूर अहमद, फजल हक फारूकी, फरीद मलिक, नवीद जादरान, गुलबदीन नायब, अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी.

दक्षिण अफ्रीका टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), हेनरिच क्लासेन, केशव महाराज, एडेन मार्करम, टोनी डी जोर्जी, मार्को जेनसेन, डेविड मिलर, वियान मुल्डर, लुंगी एनगिडी, ट्रिस्टन स्टब्स, रासी वैन डेर डुसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, रयान रिकलटन, तबरेज शम्सी.


ये भी पढ़ें- IND vs BAN: जीत के साथ भारत ने Champions Trophy का किया आगाज, बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read