Asia Cup 2025 Final: भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर नौंवी बार खिताब अपने नाम किया. इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ इस टूर्नामेंट में लगातार तीन मैच जीतकर हैट्रिक पूरी की. लेकिन मैच के बाद जो हुआ उसने खेल की गरिमा को ठेस पहुंचाई.
पाकिस्तानी कप्तान का बयान
पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान किया कि उनकी टीम फाइनल मैच की फीस उन लोगों को देगी जो ‘भारतीय हमलों’ में मारे गए. उन्होंने कहा,
“हम अपनी फीस उन बच्चों और परिवारों को दान कर रहे हैं जो भारत के हमलों में प्रभावित हुए हैं.”
लेकिन जिस ऑपरेशन सिंदूर की बात हो रही है उसमें मारे गए लोग आतंकवादी थे. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पाकिस्तान की टीम आतंकवादियों के समर्थन में खड़ी है?
भारत के खिलाड़ियों के व्यवहार पर नाराजगी
सलमान आगा ने भारत के खिलाड़ियों के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने हाथ नहीं मिलाया, जो सिर्फ पाकिस्तान का नहीं बल्कि क्रिकेट का अपमान है. उन्होंने बताया कि सूर्यकुमार यादव ने टूर्नामेंट की शुरुआत में उनसे हाथ मिलाया था लेकिन कैमरे के सामने ऐसा नहीं किया. आगा ने कहा,
“अगर ये सूर्या पर निर्भर होता तो वो मुझसे हाथ मिलाते. मुझे लगता है वो निर्देशों का पालन कर रहे थे.”
ट्रॉफी प्रेजेंटेशन में भी विवाद
फाइनल के बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन में भी विवाद हुआ. भारत ने पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री और पीसीबी चेयरमैन मोशिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. इसके चलते 90 मिनट तक ट्रॉफी समारोह रुका रहा और अंत में भारतीय टीम बिना ट्रॉफी के ही जश्न मनाती दिखी.
सलमान आगा ने क्या कहा?
सलमान आगा ने कहा,
“मैं सिर्फ कप्तान नहीं, क्रिकेट का फैन भी हूं. अगर कोई बच्चा ये मैच देख रहा है तो हम उसे गलत संदेश दे रहे हैं. हमें आदर्श बनना चाहिए, लेकिन इस तरह का व्यवहार हमें शर्मिंदा करता है. जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था. लेकिन इसके लिए मुझसे नहीं, भारत से पूछिए.”
इसे भी पढ़ें-टीम इंडिया की जीत के बाद Elvish Yadav ने Rinku Singh को वीडियो कॉल पर दी बधाई, वायरल हुआ मजेदार वीडियो
उनके इस बयान ने खेल से ज्यादा राजनीति और भावनाओं को हवा दे दी है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



