लवलीना बोरगोहेन ने जन्मदिन पर जीता गोल्ड
Asian Games 2026 में महिलाओं के 75 किलो भारवर्ग के फाइनल में लवलीना बोरगोहेन ने कमाल कर दिया है. उन्होंने चीन की बॉक्सर बाओ जियाई को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है. लवलीना का यह गोल्ड मेडल इस एशियन गेम्स में भारत का 12वां गोल्ड मेडल है. यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि शुक्रवार को लवलीना अपना 29वां जन्मदिन मना रही हैं और उन्होंने खुद को इससे बड़ा तोहफा नहीं दिया जा सकता था.
लगातार दूसरे फाइनल में पहुंचकर रचा इतिहास
लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंचकर इतिहास बनाने वाली लवलीना ने इस बार कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने बाओ जियाई को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से एकतरफा शिकस्त दी. पिछली बार लवलीना को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था और उन्हें सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा था, लेकिन इस बार उन्होंने पूरे धैर्य और आक्रामकता के साथ चीनी मुक्केबाज को पटकनी देकर सोना जीत लिया.
सेमीफाइनल से फाइनल तक लवलीना का टैक्टिकल गेम
लवलीना ने अपने सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबलों में धीमी शुरुआत की थी और फिर धीरे-धीरे गेम पर पकड़ बनाई. सेमीफाइनल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए कजाकिस्तान की बॉक्सर को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. गोल्ड मेडल का मुकाबला काफी अलग और टफ रहा. आक्रामक अंदाज में खेल रही बाओ जियाई के खिलाफ लवलीना को क्लिंच करना पड़ा, सही मौके का इंतजार करना पड़ा और आगे बने रहने के लिए दिमाग से जवाब देना पड़ा. अंत में लवलीना ने इतने अंक बटोर लिए कि वह टैक्टिकल तरीके से बाओ को चकमा देने में कामयाब रहीं और गोल्ड तक पहुंच गईं.
मैरी कॉम के बाद गोल्ड जीतने वाली दूसरी भारतीय
गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही लवलीना बोरगोहेन ने एक और बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है. वह एशियन गेम्स में मैरी कॉम के बाद गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की दूसरी महिला मुक्केबाज बन गई हैं.
ये भी पढ़ें-ट्रक या 5-स्टार महल? 2 करोड़ का केबिन, AC और लेदर सीट्स… इस ड्राइवर का जलवा देख उड़े लोगों के होश
भारत के लिए गोल्ड और सिल्वर जीतने वाली इकलौती बॉक्सर
लवलीना के लिए यह एक ऐतिहासिक डबल भी है. वह एशियन गेम्स के इतिहास में भारत की तरफ से गोल्ड और सिल्वर दोनों मेडल जीतने वाली अकेली महिला बॉक्सर बन गई हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड मैरी कॉम के नाम था, जो एशियन गेम्स बॉक्सिंग में 2 मेडल जीतने वाली इकलौती भारतीय महिला थीं. मैरी कॉम ने 2014 में गोल्ड और 2010 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


