Bharat Express DD Free Dish

एशियन रिले चैंपियनशिप में भारत का जलवा, महिलाओं की टीम ने जीता गोल्ड

Asian Relay Championship: एशियन रिले चैंपियनशिप 2026 में भारत ने महिलाओं की 4×100 मीटर रिले में गोल्ड मेडल जीता. टीम ने मिक्स्ड रिले में सिल्वर और ब्रॉन्ज भी हासिल किया.

Asian Relay Championship: एशियन रिले चैंपियनशिप 2026 में भारत ने यादगार सफर तय किया. चीन के शांगयु में हुई इस प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने 4×100 मीटर रिले में गोल्ड मेडल जीता. श्राबनी नंदा, स्नेहा एसएस, सुदेशना शिवंकर और तमन्ना की चौकड़ी ने 43.85 सेकेंड का सीजन-बेस्ट टाइम निकालकर पहला स्थान हासिल किया.

मिक्स्ड रिले में सिल्वर

भारत ने अपने अभियान की शुरुआत 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले से की थी, जहां टीम ने सिल्वर मेडल जीता. ओलंपियन एमआर पूवम्मा, नीरू पाठक, तीर्थेश पी शेट्टी और भरत श्रीधर ने 3:17.06 का समय निकाला. कजाकिस्तान ने 3:16.75 के साथ गोल्ड और मेजबान चीन ने 3:17.20 के साथ ब्रॉन्ज हासिल किया.

पिछले रिकॉर्ड और उपलब्धियां

यह भारत का इस इवेंट में दूसरा मेडल है. 2024 में बैंकॉक में हुए पहले एडिशन में भारत ने गोल्ड जीता था. भारत का नेशनल रिकॉर्ड 3:12.87 है, जिसे मोहम्मद अनस, ज्योतिका श्री दांडी, मोहम्मद अजमल और किरण पहल ने नेशनल इंटर-स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में बनाया था.

4×100 मीटर मिक्स्ड रिले में ब्रॉन्ज

भारत ने 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता. इस टीम में अनिमेष कुजूर, प्रणव गुरव, तमन्ना और स्नेहा शानुवल्ली शामिल थे. उन्होंने 41.47 सेकेंड का समय लिया, जो इस साल वर्ल्ड रिले में बने नेशनल रिकॉर्ड से केवल 0.12 सेकेंड ज्यादा था. थाईलैंड ने 41.14 सेकेंड के साथ गोल्ड और चीन ने 41.29 सेकेंड के साथ सिल्वर जीता.

ये भी पढ़ें-

भविष्य की तैयारी

कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स से पहले यह चैंपियनशिप भारतीय रिले टीमों के लिए अहम टेस्ट साबित हुई. भारत 2027 में चंडीगढ़ में एशियन रिले चैंपियनशिप के तीसरे एडिशन की मेजबानी करेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read