CSK vs KKR IPL 2026
CSK vs KKR: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 22वें मैच में आज चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से हो रहा है. टॉस कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. टॉस के दौरान केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बताया कि टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बड़ा बदलाव किया है. नवदीप सैनी की जगह वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया गया है. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है. जहां तक बात एमएस धोनी की है, तो वह आज का मैच भी नहीं खेल रहे हैं.
CSK बनाएगी जीत का सिलसिला
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पिछले मुकाबले में DC के खिलाफ हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीजन की पहली जीत दर्ज की. इस मैच में संजू सैमसन ने 56 गेंदों पर नाबाद 115 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि गेंदबाजी में जेमी ओवरटन और गुरजपनीत सिंह ने अहम भूमिका निभाई. डेवाल्ड ब्रेविस की वापसी से टीम का संतुलन बेहतर हुआ और 212 रन का सफल बचाव किया गया. हालांकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है और महेंद्र सिंह धोनी के चोट कारण अब भी टीम से बाहर चल रहे है, जिसका CSK को बहुत नुकसान हो रहा है.
KKR अपनी पहले जीत की तलाश में
वहीं, दूसरी ओर कोलकाता नाइट राइडर्सपर पहली जीत का दबाव है. टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करीब पहुंचकर भी जीत नहीं दर्ज कर पाई थी. अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल और कैमरन ग्रीन से टीम को बल्लेबाजी में उम्मीदें हैं, जबकि ग्रीन ने गेंदबाजी में भी योगदान दिया. केकेआर अब इस मैच में बेहतर प्रदर्शन करके जीत की राह पर लौटना चाहेगी.
चेन्नई की लाल मिट्टी वाली पिच
चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाईट राइडर्स के बीच मुकाबला एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है. यहां की पिच लाल मिट्टी से बनी होती है और आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों को मदद करती है. शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी थोड़ी स्विंग मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है पिच धीमी और बल्लेबाजी के लिए मुश्किल होती जाती है. यहां का औसत स्कोर करीब 165 रन है, हालांकि हाल के वर्षों में कुछ हाई-स्कोरिंग मैच भी देखने को मिले हैं. पिछले कुछ मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने ज्यादा जीत दर्ज की है.
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड (CSK vs KKR head-to-head record)में CSK का पलड़ा भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 32 मैचों में चेन्नई ने 20 और केकेआर ने 11 मैच जीते हैं, जबकि 1 मैच बेनतीजा रहा है. मौजूदा सीजन में CSK ने 4 में से 1 मैच जीता है, जबकि KKR 4 में से 3 मुकाबले हार चुकी है और 1 मैच बारिश से प्रभावित रहा.
CSK vs KKR प्लेइंग 11 (CSK vs KKR Playing 11)
सीएसके प्लेइंग 11 (CSK Playing 11): संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, खलील अहमद
कोलकाता प्लेइंग 11 (KKR Playing 11): अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

