Bharat Express DD Free Dish

SA vs NZ Match Preview: चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच टक्कर

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में बुधवार, 5 मार्च को साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे. यह मुकाबला पाकिस्तान के लाहौर में खेला जाएगा.

SA vs NZ Champions Trophy

SA vs NZ: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (ICC Champions Trophy 2025) के दूसरे सेमीफाइनल में बुधवार, 5 मार्च को साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे. यह मुकाबला पाकिस्तान के लाहौर में खेला जाएगा. ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप बी में टॉप किया था, जबकि न्यूजीलैंड ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रही थी. अब दोनों टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी.

इस टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका ने अब तक शानदार खेल दिखाया है. उसने अफगानिस्तान और इंग्लैंड को हराया, जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसका मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था. दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान और बांग्लादेश पर जीत दर्ज की, लेकिन भारत के खिलाफ उसे हार झेलनी पड़ी.

लंबी यात्रा के बाद लाहौर पहुंची साउथ अफ्रीका

साउथ अफ्रीका ने बीते तीन दिनों में कराची, दुबई और फिर लाहौर तक का सफर तय किया. दरअसल, पहला सेमीफाइनल दुबई में खेला जाना था, और यह तय नहीं था कि भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा या साउथ अफ्रीका से. अगर भारत अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहता, तो उसे साउथ अफ्रीका से भिड़ना पड़ता. इसी वजह से साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही दुबई पहुंच गए थे. हालांकि, जब यह तय हो गया कि भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा, तो साउथ अफ्रीकी टीम तुरंत लाहौर के लिए रवाना हो गई.

आईसीसी टूर्नामेंट में SA vs NZ

इतिहास पर नजर डालें तो साउथ अफ्रीका के लिए आंकड़े अच्छे नहीं हैं. अब तक किसी भी आईसीसी नॉकआउट मुकाबले में वह न्यूजीलैंड को हरा नहीं सका है. आईसीसी वनडे टूर्नामेंट में दोनों टीमें 11 बार आमने-सामने आ चुकी हैं. इनमें न्यूजीलैंड ने 7 बार जीत दर्ज की है, जबकि साउथ अफ्रीका सिर्फ 4 बार ही जीत सका है.

चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों का रिकॉर्ड बराबर रहा है. 2006 में न्यूजीलैंड ने बाजी मारी थी, जबकि 2009 में साउथ अफ्रीका ने जीत हासिल की थी. हालांकि, अगर वनडे वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों की बात करें, तो न्यूजीलैंड हमेशा भारी पड़ा है. 2011 के क्वार्टरफाइनल में उसने साउथ अफ्रीका को 49 रन से हराया था. वहीं, 2015 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने रोमांचक मुकाबले में छह विकेट से जीत दर्ज की थी.

कैसी होगी लाहौर की पिच?

लाहौर की पिच बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है. इसी मैदान पर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा चेज देखने को मिला था, जब इंग्लैंड ने 351 रन बनाए थे और ऑस्ट्रेलिया ने 356 रन बनाकर मैच जीत लिया था. दोनों टीमों के बल्लेबाज इस पिच पर अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं.

इसके अलावा, शाम के समय ओस गिरने की संभावना रहती है, जिससे गेंदबाजों को मुश्किल हो सकती है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी.

कैसा होगा दोनों टीमों का प्लेइंग XI?

साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज एडन मारक्रम की फिटनेस को लेकर अब भी संदेह बना हुआ है. अगर वह फिट नहीं होते, तो ट्रिस्टन स्टब्स को मौका मिल सकता है. हालांकि, कप्तान तेम्बा बावुमा और टोनी डी जॉर्जी अब पूरी तरह से फिट हो चुके हैं.

संभावित साउथ अफ्रीका XI: रायन रिकलटन, तेम्बा बावुमा (कप्तान), रासी वान दर दुसें, एडन मारक्रम/ट्रिस्टन स्टब्स, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसन, वियान मुल्डर, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एन्गिडी.

संभावित न्यूजीलैंड XI: विल यंग, रचिन रविंद्र, केन विलियमसन, डैरिल मिचेल, टॉम लेथम, ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), काइल जेमीसन, मैट हेनरी, विलियम ओ’रुर्क.


ये भी पढ़ें- “शाबाश टीम इंडिया!…”अजेय भारत, विजयी भारत, गर्वित भारत… चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी जीत पर चहके राजनेताओं ने दी शुुभकामनाएं


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read