ICC T20 World Cup 2026: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. पहले तय कार्यक्रम के अनुसार यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू होकर 8 मार्च को फाइनल के साथ खत्म होना था. भारत और श्रीलंका इस टूर्नामेंट के सह-मेजबान हैं लेकिन अब एक रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC से मांग की है कि उनके सभी मुकाबले भारत से हटाकर श्रीलंका में कराए जाएं. बताया जा रहा है कि चेयरमैन जय शाह की अगुवाई में ICC ने नए शेड्यूल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
सुरक्षा को लेकर चिंता
BCB की यह मांग उस घटना के बाद आई है जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मौजूदा हालात को देखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स से मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने को कहा था. रविवार को BCB ने एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें भारत में खेले जाने वाले मैचों को लेकर खिलाड़ियों की सुरक्षा पर चर्चा हुई. बोर्ड ने बांग्लादेश सरकार की सलाह को ध्यान में रखते हुए निष्कर्ष निकाला कि टीम के लिए भारत जाना फिलहाल सुरक्षित नहीं है.
आयोजकों के लिए चुनौती
पहले जारी शेड्यूल के मुताबिक बांग्लादेश को कोलकाता में तीन और मुंबई में एक मुकाबला खेलना था. भारतीय क्रिकेट बोर्ड से जुड़े सूत्रों का मानना है कि टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले मैचों के वेन्यू बदलना आयोजकों और प्रसारकों के लिए बेहद कठिन साबित हो सकता है. टिकटिंग लॉजिस्टिक्स, और प्रसारण से जुड़े कई मुद्दे खड़े हो सकते हैं.
BCB का क्या कहना है?
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उनका निर्णय किसी विवाद को जन्म देने के लिए नहीं बल्कि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए लिया गया है. उन्होंने ICC से आग्रह किया है कि मौजूदा हालात को ध्यान में रखते हुए बांग्लादेश के सभी मैच भारत से बाहर किसी सुरक्षित स्थल पर आयोजित किए जाएं.
बांग्लादेश का कार्यक्रम
ग्रुप C में बांग्लादेश को चार मैच खेलने हैं. इनमें से तीन मुकाबले ईडन गार्डन्स, कोलकाता में और एक मैच वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में तय किया गया था.
ये भी पढ़ें-दिल्ली दंगे की साजिश मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, खालिद-इमाम को नहीं मिली जमानत, 5 आरोपियों को मिली राहत
मैच का शेड्यूल
- 7 फरवरी 2026- वेस्टइंडीज बनाम बांग्लादेश, ईडन गार्डन्स, कोलकाता
- 9 फरवरी 2026- इटली बनाम बांग्लादेश, ईडन गार्डन्स, कोलकाता
- 14 फरवरी 2026- इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश, ईडन गार्डन्स, कोलकाता
- 17 फरवरी 2026- नेपाल बनाम बांग्लादेश, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



