Suryakumar Yadav Angry on Shivam Dubey: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए चौथे टी20 मैच में मैदान पर कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जो फैंस को हैरान कर गया. टीम इंडिया के कप्तान और स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव, जो आमतौर पर अपने शांत और संयमित स्वभाव के लिए जाने जाते हैं, इस मैच के दौरान अचानक गुस्से में नजर आए.
मैदान पर भड़के सूर्या
दरअसल क्वींसलैंड के कैरारा ओवल में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 48 रनों से हराया. लेकिन मैच के 12वें ओवर के दौरान एक पल ऐसा आया जब कप्तान सूर्यकुमार का पारा चढ़ गया. इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे शिवम दुबे. उन्होंने टिम डेविड को आउट कर टीम को बढ़त दिलाई थी और उसी ओवर में नए बल्लेबाज मार्कस स्टोइनिस को लगातार दो डॉट बॉल फेंकीं.
लेकिन ओवर की आखिरी गेंद पर हालात बदल गए. शिवम ने ऑफ स्टंप के बाहर एक शॉर्ट गेंद डाल दी, जिसे स्टोइनिस ने बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में चौके के लिए भेज दिया. बस, यही गेंद कप्तान को कतई पसंद नहीं आई और सूर्यकुमार मैदान में ही शिवम दुबे पर बरस पड़े. कैमरे में यह पूरा वाकया कैद हो गया और सोशल मीडिया पर अब इसका वीडियो वायरल है.
भारत की शानदार जीत
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 167 रन बनाए और फिर शानदार गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 119 रनों पर समेट दिया. स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर ने गजब का प्रदर्शन करते हुए महज पांच गेंदों में तीन विकेट झटके. वहीं भारतीय गेंदबाजों ने मिलकर 6 विकेट लिए और 18.2 ओवर में ही मेजबान टीम की पारी का अंत कर दिया.
इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है, जबकि एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो चुका है.
ये भी पढ़ें- ईडी का बड़ा एक्शन, रैना-धवन की 11.14 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त
दुबे बोले– “रणनीति पर किया काम”
मैच के बाद शिवम दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कैरारा ओवल का मैदान बड़ा है, इसलिए उन्हें विश्वास था कि 167 का स्कोर डिफेंड किया जा सकता है. उन्होंने कहा, “हमारे पास शानदार गेंदबाज हैं, और हमें पूरा भरोसा था कि हम इस स्कोर की रक्षा कर पाएंगे. यहां की बाउंड्री बड़ी है, इसलिए हमने रणनीति उसी हिसाब से बनाई थी. टी20 में कोई भी बल्लेबाज तेजी से रन बना सकता है, लेकिन हमें पता था कि हम उन्हें रोक लेंगे.”
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


