Bharat Express DD Free Dish

IND vs IRE: वैभव सूर्यवंशी को रोकने के लिए आयरलैंड का मास्टर प्लान, मैच से पहले अनुभवी बल्लेबाज ने किया बड़ा खुलासा

IND vs IRE 1st T20I से पहले आयरलैंड के जॉर्ज डॉक्रेल ने वैभव सूर्यवंशी को रोकने की रणनीति का खुलासा किया. जानिए क्या है आयरलैंड का प्लान.

IND vs IRE Vaibhav Suryavanshi

IND vs IRE 1st T20I: आज (26 जून) को भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड पर होगा. नए टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारतीय टीम जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी. इस सीरीज में सबसे ज्यादा नजर 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) पर रहेगी, जिन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया हुआ है.

मैच से पहले आयरलैंड के अनुभवी बल्लेबाज जार्ज डाकरेल (George Dockrell) ने कहा कि उनकी टीम ने भारतीय बल्लेबाजों के साथ-साथ वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी को रोकने के लिए भी खास योजना बनाई है.

वैभव के लिए बनाया गया खास प्‍लान?

जार्ज डाकरेल ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचना बड़ी बात है. उन्होंने कहा कि वैभव में शानदार प्रतिभा है और इसी वजह से क्रिकेट प्रशंसक उन्हें खेलते हुए देखना पसंद कर रहे हैं. हालांकि, आयरलैंड की टीम उन्हें कोई अलग खिलाड़ी मानकर तैयारी नहीं कर रही है. उनके लिए भी वही रणनीति अपनाई जाएगी, जो भारतीय टीम के बाकी बल्लेबाजों के खिलाफ होगी.

डाकरेल ने कहा कि उनकी टीम को भारतीय बल्लेबाजों की खूबियों की अच्छी जानकारी है. इसी को ध्यान में रखते हुए वे ऐसी योजना बनाएंगे, जिससे भारत के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया जा सके. उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू परिस्थितियों का उनकी टीम को अच्छा अनुभव है और वे इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे. साथ ही उन्होंने माना कि विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ खेलना हमेशा खास और रोमांचक अनुभव होता है.

कप्तान लार्कन की तारीफ

जार्ज डाकरेल ने कहा कि आयरलैंड में भारत का दौरा हमेशा खास होता है. उन्हें उम्मीद है कि भारतीय टीम को भी यहां खेलना पसंद आएगा. उन्होंने बताया कि आयरलैंड की टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है. कई नए खिलाड़ी टीम में शामिल हुए हैं और विश्व कप चक्र की शुरुआत में भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलना उनके लिए खुद को परखने का बेहतरीन अवसर है. इससे टीम को अपनी मौजूदा स्थिति और भविष्य की तैयारी का सही अंदाजा मिलेगा.


ये भी पढ़ें: क्रिकेट फैंस के लिए झटका! अगस्त में होने वाली भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज पर फिरा पानी? जानें क्या है इसकी असली वजह


नए कप्तान लार्कन के बारे में डाकरेल ने कहा कि उन्होंने जिम्मेदारी मिलने के बाद अच्छा प्रदर्शन किया है. विश्व कप के दौरान भी पाल के चोटिल होने पर वह टीम की कमान संभाल चुके हैं, इसलिए खिलाड़ी उनकी कप्तानी से अच्छी तरह परिचित हैं. उन्होंने कहा कि लार्कन शांत स्वभाव के कप्तान हैं, जिनकी सोच साफ है और खेल की अच्छी समझ है. वह चाहते हैं कि हर खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी निभाए और टीम की सफलता में योगदान दे. डाकरेल को भरोसा है कि उनके नेतृत्व में नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा और आयरलैंड की टी-20 टीम पहले से ज्यादा मजबूत बनेगी.

-भारत एक्सपेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read