IND vs PAK Pre-Match Press Conference:टी20 वल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला रविवार को 15 फरवरी के दिन खेला जाएगा. यह मैच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा. मैच से पहले (प्री-मैच) कॉन्फेंस में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सभी अटकलों साफ करते हुए जवाब दिया है. उन्होंने हैंडशेक, उस्मान तारिक और अभिषेक शर्मा के खेले जाने पर खुलकर जवाब दिया है.
भारतीय टीम पूरी तरह तैयार
भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले शनिवार को आयोजित प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस (IND vs PAK Pre-Match Press Conference) में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट किया कि टीम का पूरा फोकस सिर्फ क्रिकेट पर है. मैच को लेकर चल रही तमाम चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि भारतीय टीम अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही तैयारी कर रही है और किसी तरह का अतिरिक्त दबाव नहीं है.
सूर्यकुमार ने बताया कि टीम पहले से हर परिस्थिति के लिए तैयार थी. उन्होंने कहा, “हम शेड्यूल के हिसाब से तैयारी कर रहे थे. हमारी फ्लाइट्स बुक थीं और हम पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के लिए पूरी तरह तैयार थे.”
कोलंबो की परिस्थितियों पर भरोसा
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को लेकर उन्होंने कहा कि श्रीलंका की परिस्थितियां टीम के लिए नई नहीं हैं. भारत ने यहां कई द्विपक्षीय सीरीज खेली हैं, इसलिए पिच और हालात की अच्छी समझ है. गौरतलब है कि पाकिस्तान की टीम लगभग एक सप्ताह पहले ही श्रीलंका पहुंच चुकी है, जिस कारण उनकी तैयारी को लेकर सवाल उठ रहे थे. हालांकि, सूर्यकुमार ने स्पष्ट किया कि भारतीय टीम पूरी तरह तैयार है.
अभिषेक शर्मा पर क्या बोले?
जब पाकिस्तान के कप्तान की ओर से अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) को खिलाने की इच्छा जताने की बात सामने आई, तो सूर्यकुमार ने मुस्कुराते हुए माहौल हल्का कर दिया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “अगर पाकिस्तान चाहता है कि हम कल अभिषेक को खिलाएं, तो ठीक है, हम उन्हें खिलाएंगे.”
हैंडशेक के सवाल पर टालमटोल
मैच से पहले और बाद में हैंडशेक को लेकर पूछे गए सवाल पर भी सूर्या ने हल्के अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा, “इसे मैच के समय पर छोड़ दीजिए. आप आज अच्छी नींद लीजिए, कल देखिए क्या होता है.”
ये भी पढ़ें: भारत के साथ मैच से पहले ही PAK कप्तान ने मान ली हार? कहा- इतिहास नहीं बदल सकते; हैंडशेक का बताने लगे बहाना
प्लेइंग इलेवन पर दुविधा
टीम संयोजन को लेकर सबसे बड़ा सवाल अतिरिक्त तेज गेंदबाज या अतिरिक्त स्पिनर को खिलाने का है. इस पर कप्तान ने माना कि फैसला आसान नहीं है. उन्होंने कहा, “हमारे पास क्वालिटी स्पिनर भी हैं और क्वालिटी पेसर भी. एक्स्ट्रा पेसर और एक्स्ट्रा स्पिनर के बीच चुनाव करना बहुत मुश्किल है.”
ग्रुप में शीर्ष स्थान तय करने के लिहाज से यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है. ऐसे में रणनीति और टीम चयन दोनों ही निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं. सूर्यकुमार ने यह भी दोहराया कि टीम किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


